गुरुग्राम में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार थार डिवाइडर से टकराई, 5 की मौत, 1 गंभीर

शनिवार अलसुबह गुरुग्राम के झाड़सा चौक के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दिल्ली की तरफ से आ रही तेज रफ्तार थार (UP 81 CS 2319) डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तुरंत मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया।

हादसे में तीन युवतियां और दो युवक की मौत

पुलिस के अनुसार, थार में कुल छह लोग सवार थे—तीन युवक और तीन युवतियां। हादसे में दो युवक और तीन युवतियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक युवती की पहचान प्रतिष्ठा मिश्रा (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो रायबरेली के जज चंद्रमणि मिश्रा की बेटी थीं।

मृतकों में शामिल अन्य लोग हैं

  • आदित्य प्रताप सिंह (30), निवासी आगरा
  • लवनय (26), निवासी आगरा
  • गौतम (31), निवासी सोनीपत (फिलहाल ग्रेटर नोएडा में रह रहे थे)
  • सोनी (युवती, पता अभी अज्ञात)

घायल युवक की पहचान कपिल शर्मा (28), निवासी बुलंदशहर के रूप में हुई है।

हाईवे से उतरते समय हादसा

यह हादसा शनिवार अलसुबह करीब 4:15 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थार दिल्ली की ओर से काफी तेज रफ्तार से आ रही थी। जैसे ही गाड़ी नेशनल हाईवे-48 के एग्जिट नंबर 9 से झाड़सा चौक की ओर उतरी, ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया। गाड़ी पहले डिवाइडर से टकराई और फिर पलट गई।

राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को बाहर निकाला।

क्लब पार्टी का शक

मृतकों के हाथों पर क्लब के बैंड मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि हादसे से पहले सभी लोग किसी क्लब में पार्टी कर लौट रहे थे। हालांकि पुलिस ने इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। यह भी जांच का विषय है कि क्या गाड़ी चलाते समय सभी लोग नशे में थे।

पुलिस का बयान

हादसे के बाद डीसीपी ट्रैफिक डॉ. राजेश मोहन ने मौके का मुआयना किया। उन्होंने बताया कि सड़क पर मौजूद टायरों के निशानों से साफ है कि गाड़ी बहुत तेज रफ्तार में थी।

पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।





More From Author

अवैध निर्माणों पर गाज: 9.5 एकड़ भूमि पर बने 250 मकान होंगे ध्वस्त

गुरुग्राम पुलिस लाइन में हवलदार गिरफ्तार: सरकारी फ्लैट से बरामद 1.7 किलो गांजा और हथियार!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *