हरियाणा कांग्रेस के नव नियुक्त प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने गुरुग्राम में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान संगठन के कार्यों पर चर्चा की गई और कार्यकर्ताओं के विचार व सुझाव सुने गए।

कैप्टन अजय यादव के आरोपों का दिया जवाब
कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर राव नरेंद्र ने पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव द्वारा उन पर लगाए गए आरोपों का भी जवाब दिया। उन्होंने कहा, “मेरी छवि खराब है या सही, ये निर्णय हाईकमान ने सोच समझकर लिया है। इस पर टिप्पणी करना शोभा नहीं देता। बाकी मैं सार्वजनिक जीवन में खुली किताब की तरह हूं।”
चुनाव और जनता का प्यार
राव नरेंद्र ने अपने राजनीतिक सफर पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “मैंने 1996 से लगातार सात चुनाव लड़े हैं, जिसमें विधानसभा और एक लोकसभा चुनाव शामिल है। जीत हार से बड़ा सवाल जनता का प्यार है, और मुझे हमेशा यह प्यार मिलता रहा है। ये आप मेरे क्षेत्र से पता कर सकते हैं।”
परिवर्तन प्रकृति का नियम
उन्होंने कैप्टन अजय यादव के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा, “परिवर्तन प्रकृति का नियम है। कैप्टन साहब हमारे वरिष्ठ नेता हैं। इंसान अच्छे हैं, कोई बुराई नहीं है। मैंने उनके साथ विधायक और मंत्री के रूप में भी काम किया है।”
हाईकमान का जताया आभार
राव नरेंद्र सिंह ने प्रदेशाध्यक्ष बनने पर कांग्रेस हाईकमान का धन्यवाद भी किया। उन्होंने कहा, “ये जिम्मेदारी एक आम कार्यकर्ता को सौंपी गई है। मैं आम जनता के बीच रहा, लड़ाई लड़ी, और जिला महासचिव के रूप में अपना करियर शुरू किया। अब यह जिम्मेदारी मुझे मिली है, इसके लिए मैं हाईकमान का आभारी हूं।”
