गुरुग्राम शहर में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने पिछले महीने कड़ी कार्रवाई की। सितंबर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान कुल 2287 वाहन चालकों के चालान किए गए और दो वाहन जब्त किए गए।

डीसीपी ट्रैफिक डा. राजेश मोहन ने बताया कि पुलिस को चिन्हित स्थानों पर तैनात किया गया था। 1 से 30 सितंबर तक अभियान में 25 महिला चालक सहित 2287 वाहन चालक ड्रिंक एंड ड्राइव करते हुए पकड़े गए। इसके अलावा दो वाहनों को जब्त किया गया, जबकि अन्य चालकों के चालान किए गए।
डा. राजेश मोहन ने कहा कि ड्रिंक एंड ड्राइव के लिए पकड़े गए चालकों का लाइसेंस तीन महीने के लिए सस्पेंड किया जाता है। इस दौरान वह किसी भी वाहन को नहीं चला सकते। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी तरह के अभियान समय-समय पर चलाए जाते रहेंगे।
दौलताबाद रोड बंद करने से पहले वैकल्पिक रास्तों पर विचार की मांग
दौलताबाद: दौलताबाद रोड इंडस्ट्रियल एसोसिएशन की आपात बैठक दौलताबाद कार्यालय में आयोजित हुई। अध्यक्ष पवन जिंदल की अध्यक्षता में हुई बैठक में सदस्यों ने दो महीने के लिए दौलताबाद फ्लाईओवर से द्वारका एक्सप्रेसवे तक रोड बंद करने से पहले वैकल्पिक मार्ग सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बिना वैकल्पिक रास्ता दिए रोड बंद करने से लाखों लोग प्रभावित होंगे।
बैठक में बताया गया कि खस्ताहाल सड़क को CSR फंड के तहत एक कंपनी द्वारा सुधारने का प्रस्ताव प्रशासन को दिया गया है। उद्यमियों ने मांग की कि धनवापुर रोड और राजेंद्र पार्क रोड, जो पिछले दो वर्षों से बंद हैं, उन्हें प्राथमिकता पर ठीक किया जाए ताकि आवागमन का विकल्प उपलब्ध हो सके।
इसके अलावा, दौलताबाद फ्लाईओवर से द्वारका एक्सप्रेसवे तक पूरी सीवर लाइन की मरम्मत की जानी चाहिए। नई सड़क की ऊंचाई बढ़ाने से आस-पास की कनेक्टिविटी सड़कें नीचे हो जाएंगी, जिससे जलभराव की समस्या हो सकती है। इसलिए सड़क की ऊंचाई वर्तमान स्तर पर ही रखी जाए और सड़क के दोनों ओर नालियों की सही मरम्मत की जाए। आसपास की गलियों से आने वाले पानी को जोड़ने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में एसोसिएशन के उपाध्यक्ष संजीव अग्रवाल, महासचिव उमेश द्विवेदी, कोषाध्यक्ष हरीश गुप्ता, रमणीक जैन, श्रीभगवान, शीतल मेहरा, सतीश अग्रवाल, MSME वाइस चेयरमैन विनोद गुप्ता, धीरज माहेश्वरी, मनोज कुमार और एडवोकेट मोहित शर्मा मौजूद रहे।
