बिजली कटौती और कम वोल्टेज से परेशान लोगों के लिए अच्छी खबर है। बादशाहपुर 220 केवीए सबस्टेशन पर टी-3 ट्रांसफार्मर के पुराने पैनल सेट को बदलने का काम शुरू हो गया है। इस काम पर लगभग 70 लाख रुपये खर्च होंगे, और इससे इलाके में बिजली आपूर्ति की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी।

पुराने पैनल सेट के कारण बार-बार तकनीकी खराबियां हो रही थीं। नए 2000 एम्पीयर पैनल सेट में 15 वैक्यूम सर्किट ब्रेकर लगाए जाएंगे, जो बिजली सप्लाई को अधिक सुरक्षित और नियंत्रणीय बनाएंगे।
वर्तमान में टी-2 ट्रांसफार्मर 10 फीडरों को बिजली दे रहा है, जिनमें बादशाहपुर, सकतपुर, सरला होल्डिंग, बीएसएफ कैंप, जेल कॉम्प्लेक्स, मारुति कुंज, कृष्णा कुंज और सहजवास शामिल हैं।
अधिकारियों का कहना है कि इस काम के पूरा होने के बाद बादशाहपुर, सोहना रोड, सेक्टर 68-70 और टिकली के लोग बिजली कटौती और वोल्टेज उतार-चढ़ाव जैसी समस्याओं से राहत महसूस करेंगे। गर्मी और बरसात में ओवरलोड या तकनीकी खराबियों से होने वाली परेशानियों में भी कमी आएगी।
वी.पी. सिंह, कार्यकारी अभियंता, टीएस डिवीजन, हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम ने बताया कि “नए पैनल सेट की स्थापना अगले सप्ताह से शुरू हो जाएगी। इसके बाद इलाके में बिजली आपूर्ति और भी सुचारू हो जाएगी।”
