एक मुस्कान, कुछ सवाल… और गायब हो गए पांच लाख के जेवर, गुरुग्राम में हाई-प्रोफाइल चोरी!

गुरुग्राम के सदर बाजार स्थित गुरुद्वारा रोड पर अनुश्री ज्वेलर्स में पांच लाख रुपए के कीमती जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना 17 अक्टूबर की शाम की बताई जा रही है, जब दो महिलाएं ग्राहक बनकर शोरूम में पहुंचीं और हाथ की सफाई से जेवर चुराकर फरार हो गईं। पूरी वारदात शोरूम के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

ग्राहक बनकर आईं महिलाएं, दिखाया चालाकी भरा हाथ

शोरूम मालिक अक्षत गुप्ता ने सिटी थाना पुलिस में दी शिकायत में बताया कि दो महिलाएं खुद को ग्राहक बताकर शोरूम में दाखिल हुईं और सेल्सगर्ल से कई तरह के जेवर दिखाने की मांग की।
जेवरों में कपल बैंड और अन्य कीमती आभूषण शामिल थे। इस दौरान दोनों महिलाओं ने कर्मचारियों का ध्यान भटकाया और मौका देखकर एक जोड़ी कपल बैंड चुरा लिया।

स्टॉक मिलान के दौरान खुली चोरी की पोल

घटना का खुलासा 21 अक्टूबर को हुआ, जब स्टॉक मिलान के दौरान जेवरों की कमी पाई गई। इसके बाद शोरूम प्रबंधन ने तुरंत सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें दोनों महिलाओं की करतूत साफ नजर आई।
फुटेज में महिलाएं सामान्य ग्राहक की तरह बर्ताव करती दिख रही हैं, जिससे किसी को शक नहीं हुआ।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, जांच जारी

सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने अज्ञात महिलाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
थाना सिटी के एसएचओ मदनलाल ने बताया कि शुरुआती जांच में यह आशंका है कि दोनों महिलाएं किसी संगठित गिरोह का हिस्सा हो सकती हैं, जो इस तरह की वारदातों में लिप्त हैं।

पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि दोनों आरोपियों की पहचान और ठिकाने का पता लगाया जा सके।

पुलिस की अपील

पुलिस ने आम लोगों और व्यापारियों से अपील की है कि यदि किसी को संदिग्ध महिलाओं के बारे में जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। साथ ही, ज्वेलरी शोरूम संचालकों को भी सतर्क रहने और सुरक्षा कैमरों की नियमित जांच करने की सलाह दी गई है।


More From Author

नशे का जाल! गुरुग्राम में पकड़ा गया ऐसा नेटवर्क जो दिल्ली-बंगाल तक फैला था

नगर निगम का मास्टरप्लान, क्या जल्द होगी गुरुग्राम में आर्टिफिशियल रेन?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *