7 से 9 नवंबर तक साइबर सिटी में 18वां अर्बन मोबिलिटी इंडिया (UMI) सम्मेलन होगा। यह सम्मेलन सेक्टर-83 के होटल हयात रीजेंसी में आयोजित किया जाएगा। इस बार सम्मेलन का मुख्य विषय है “अर्बन डेवलपमेंट और मोबिलिटी”।

उपायुक्त अजय कुमार ने गुरुवार को लघु सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा और तैयारी पर चर्चा हुई।
सम्मेलन का उद्देश्य
यह सम्मेलन देश और दुनिया के शहरी परिवहन विशेषज्ञों, नीति निर्माता, उद्योग और प्रशासनिक अधिकारियों को एक साथ लाकर सतत और पर्यावरण के अनुकूल शहर और परिवहन प्रणाली पर चर्चा करने का मंच देता है।
युवा शोधकों के लिए अवसर
सम्मेलन में युवा शोधकों के लिए रिसर्च सिम्पोजियम का आयोजन किया जाएगा। इसमें वे अपने अनुसंधान और नए आइडियाज साझा कर सकेंगे। साथ ही मुख्य सत्र, तकनीकी सत्र, पैनल चर्चा और नई तकनीक की प्रदर्शनी भी होगी।
सम्मेलन में शहरी परिवहन में बेहतर काम करने वाले शहरों और परियोजनाओं को पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
विदेशी नीति निर्माता भी होंगे शामिल
इस सम्मेलन में भारत और विदेशों से नीति निर्माता, उद्योग विशेषज्ञ और शोधकर्ता भाग लेंगे। साथ ही प्रतिनिधियों को शहर के धरोहर स्थल देखने और आधुनिक परिवहन परियोजनाओं का अनुभव लेने का मौका भी मिलेगा।
UMI सम्मेलन का महत्व
यह कार्यक्रम भारत सरकार के आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय (MoHUA) के तहत आयोजित होता है। यह शहरी परिवहन और मोबिलिटी के क्षेत्र में नए विचार और चुनौतियों पर चर्चा करने का प्रमुख मंच है।
बैठक में CTM सपना यादव, श्रम विभाग के अतिरिक्त आयुक्त कुशल कटारिया, नगर निगम मानेसर के संयुक्त आयुक्त लोकेश, ACP वीरेंद्र सिंह और तहसीलदार राजेश सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
