गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सुबह करीब पांच बजे IMT एग्जिट के निकट एक तेज रफ्तार कार ने ऑटो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सभी घायलों को पुलिस व राहगीरों की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कार चालक हादसे के बाद फरार
जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना गढ़ी हरसरू चौक और एलन मॉल के बीच हुई। मृतकों की पहचान आरिफ (27) और साहिल (23) के रूप में हुई है, दोनों ही उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। हादसे में घायल रिहान, मोहसिन, राजू और एक अन्य युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक युवक का पैर कट गया, जबकि अन्य को हाथ-पैर व सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।
सीसीटीवी फुटेज से तलाश रहा पुलिस आरोपी चालक
कार चालक हादसे के बाद वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ऑटो और कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार आरोपी तक पहुंचा जा सके।
सैलून में काम करते थे सभी घायल युवक
पुलिस के मुताबिक, ऑटो में सवार चारों युवा गुरुग्राम में सैलून का काम करते थे और रोज़ की तरह ड्यूटी पर जा रहे थे। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचित कर दिया है।
