मानेसर औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले लाखों श्रमिकों के लिए एक बड़ी सुविधा जल्द ही उपलब्ध होने जा रही है। हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (HSIIDC) द्वारा अटल श्रमिक–किसान कैंटीन स्थापित की जाएगी, जिससे श्रमिकों को सस्ता और बेहतर गुणवत्ता वाला भोजन मिल सकेगा।

यह मांग मानेसर इंडस्ट्रियल क्षेत्र में लंबे समय से की जा रही थी। अब HSIIDC, निजी कंपनियों के CSR सहयोग से इस कैंटीन का निर्माण कराने जा रहा है। HSIIDC ने इसके लिए CSR सहयोग भी मांगा है। कैंटीन के लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
श्रमिकों को मिलेगी बड़ी राहत
मानेसर में हजारों की संख्या में निजी कंपनियों में काम करने वाले श्रमिकों को भोजन के लिए सड़क किनारे रेहड़ियों का सहारा लेना पड़ता है। अक्सर उन्हें महंगे दामों पर निम्न गुणवत्ता का भोजन मिलता है। कैंटीन शुरू होने के बाद उन्हें सस्ता, स्वच्छ और बेहतर गुणवत्ता वाला भोजन उपलब्ध होगा।
कौन करेगा संचालन?
इन कैंटीनों को हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन और स्वयं सहायता समूह (SHG) द्वारा संचालित किया जाएगा। इससे स्थानीय महिलाओं को भी रोजगार मिलेगा और कैंटीन का संचालन पारदर्शी तरीके से हो सकेगा।
HSIIDC ने दी जानकारी
HSIIDC के एजीएम आर.के. जिंदल ने बताया कि कैंटीन के लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है, और परियोजना पर जल्द ही काम शुरू कर दिया जाएगा। इंडस्ट्रियल एसोसिएशन ने भी काफी समय से इस कैंटीन की मांग उठाई थी।
कैंटीन शुरू होने के बाद मानेसर औद्योगिक क्षेत्र के मजदूरों और कर्मचारियों को बड़ी सुविधा मिलने वाली है।
