गुरुग्राम/दिल्ली बॉर्डर से एक बेहद खतरनाक स्टंट का मामला सामने आया है। द्वारका एक्सप्रेसवे पर एक युवक चलती ब्लैक थार से बाहर निकलकर स्टंट करता नजर आया। युवक ने गाड़ी की खिड़की से आधा शरीर बाहर निकालकर वीडियो शूट किया और कुछ देर तक गाड़ी के ऊपर ही बैठा रहा। इस दौरान थार तेज रफ्तार में हाईवे पर अलग-अलग लेन बदलते हुए दौड़ती रही।

यह पूरी घटना गुरुग्राम से दिल्ली बॉर्डर तक कई किलोमीटर तक चली। थार के पीछे चल रही एक अन्य कार में सवार व्यक्ति ने इस खतरनाक स्टंट का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
रिकॉर्डिंग का एहसास होते ही फरार हुआ युवक
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक चलती गाड़ी की खिड़की से बाहर निकलकर वीडियो बना रहा है, जिससे न केवल उसकी जान खतरे में थी बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा भी दांव पर लगी हुई थी। जैसे ही युवक को पीछे से वीडियो रिकॉर्ड होने का एहसास हुआ, वह तुरंत गाड़ी के अंदर घुस गया। इसके बाद थार चालक ने स्पीड बढ़ा दी और मौके से फरार हो गया।
इस दौरान थार चालक लगातार अलग-अलग लेन में खतरनाक तरीके से ड्राइविंग करता रहा, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, पुलिस से कार्रवाई की मांग
वीडियो रिकॉर्ड करने वाले व्यक्ति ने इसे सोशल मीडिया पर अपलोड करते हुए गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस को टैग किया। पोस्ट में उन्होंने लिखा कि इस तरह के स्टंट न केवल ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा भी पैदा करते हैं। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शुरू की जांच
वीडियो सामने आने के बाद दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं गुरुग्राम पुलिस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि, पुलिस सूत्रों के मुताबिक ऐसे मामलों में आमतौर पर वाहन नंबर के आधार पर चालान काटा जाता है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाती है।
