रेस्टिकेट बालक’ स्टाइल में गुरुग्राम की सड़कों पर स्टंट, पुलिस जांच में जुटी

शहर में सड़क सुरक्षा को खुलेआम चुनौती देने का एक और मामला सामने आया है। गुरुग्राम के सोहना रोड इलाके में स्विफ्ट कार से खतरनाक स्टंट करते युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में तीन युवक कार की खिड़कियों से लटके हुए नजर आ रहे हैं, जबकि कार को गोल-गोल घुमाया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो सोमवार रात का है। फिलहाल स्टंट करने वाले युवकों की पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस ने वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

सोहना रोड पर किया गया स्टंट

यह घटना सिग्नेचर ग्लोबल डैक्सिन एक्स फैक्टर सोसाइटी के गेट के बाहर की बताई जा रही है। वायरल वीडियो करीब 12 सेकेंड का है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि स्विफ्ट कार (नंबर HR 26EM 4769) की खिड़कियां खोलकर तीन युवक बाहर लटक रहे हैं।

हैरानी की बात यह है कि कार चलाने वाला युवक भी एक हाथ बाहर निकालकर वीडियो रिकॉर्ड करवा रहा है। वहीं, चौथा युवक पूरी घटना का वीडियो बना रहा है।

वीडियो में डायलॉग और गाना

वीडियो में बैकग्राउंड में हरियाणवी रैपर ढांडा न्योलीवाला का चर्चित गाना “नो फ्लूक” बज रहा है। साथ ही डायलॉग सुनाई देता है—
“तू स्कूल की टॉपर, हम स्कूल के रेस्टिकेट बालक।”

वीडियो के ऊपर भी “रेस्टिकेट बालक” लिखा हुआ है। अंत में वीडियो बना रहा युवक कहता है—
“भाई एक नंबर जच रही है वाइट शर्ट,”
जिसके बाद युवकों के हंसने की आवाज आती है।

RWA ने जताई चिंता

द्वारका एक्सप्रेसवे रेजिडेंट वेल्फेयर एसोसिएशन (RWA) के प्रेसिडेंट यशीश यादव ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने की चाह में युवा अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। ऐसे स्टंट हादसों को न्योता देते हैं और इससे सड़क दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

पुलिस ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि वीडियो की जांच की जा रही है। कार मालिक और स्टंट करने वाले युवकों की पहचान कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसमें भारी चालान, गाड़ी जब्ती और ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड किया जाना शामिल है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और ऐसे खतरनाक वीडियो दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
सड़कें स्टंट के लिए नहीं, सुरक्षित यात्रा के लिए हैं।

More From Author

दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे की मरम्मत शुरू, जानें कब तक ठीक होगा हर सेक्शन

गुरुग्राम में प्रॉपर्टी आईडी और एनओसी में बड़ा फर्जीवाड़ा, अवैध कॉलोनियों की रजिस्ट्री पर सवाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *