गुरुग्राम। शहर के सेक्टर 37 स्थित शनि मंदिर के पास भारत पेट्रोल पंप के पीछे खाली पड़ी जमीन पर गुरुवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव सड़ी-गली अवस्था में था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत कई दिन पहले हुई होगी। मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष आंकी जा रही है।

सुबह के समय वहां से गुजर रहे लोगों को तेज दुर्गंध महसूस हुई, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही सेक्टर 10 ए थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
मौके पर पहुंची जांच एजेंसियां
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम, डॉग स्क्वायड और सीन ऑफ क्राइम यूनिट को भी मौके पर बुलाया। टीमों ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, लेकिन अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
