क्या सोहना तक पहुंचेगी मेट्रो? चार दिन में 1000 लोगों ने किया समर्थन

सोहना  में कस्बे में मेट्रो रेल सेवा शुरू कराने की मांग अब जनआंदोलन का रूप लेती जा रही है। मेट्रो कनेक्टिविटी की मांग को लेकर शुरू किए गए हस्ताक्षर अभियान को जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। महज चार दिनों में करीब एक हजार से अधिक लोग इस अभियान के समर्थन में हस्ताक्षर कर चुके हैं।

तेजी से बढ़ रहा सोहना, सुविधाएं नहीं

पिछले कुछ वर्षों में सोहना कस्बा तेजी से विकसित हुआ है। क्षेत्र में करीब चार दर्जन से अधिक आवासीय सोसाइटियां बन चुकी हैं और हजारों परिवार यहां निवास कर रहे हैं। बड़ी संख्या में लोग रोजाना नौकरी, व्यापार और पढ़ाई के लिए गुरुग्राम और दिल्ली का सफर करने को मजबूर हैं।

हालांकि, सार्वजनिक परिवहन की सीमित सुविधाओं के कारण लोगों को निजी वाहनों या बसों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे समय, धन और ऊर्जा की भारी बर्बादी होती है। सुबह और शाम के समय यातायात की स्थिति बेहद खराब हो जाती है।

मास्टर प्लान में सोहना की अनदेखी

हस्ताक्षर अभियान से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता महेंद्र राणा, पंकज राघव और बिरजू अधाना ने बताया कि हरियाणा सरकार के मास्टर प्लान 2031 (फेज-2) में गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से भोंडसी तक मेट्रो विस्तार को मंजूरी दी गई है, लेकिन इस योजना में सोहना को शामिल नहीं किया गया, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है।

“सोहना को भी चाहिए मेट्रो”

कार्यकर्ताओं का कहना है कि सोहना न केवल ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह क्षेत्र राज्य सरकार को राजस्व देने वाले प्रमुख इलाकों में भी शामिल है। बढ़ती आबादी, नए रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स और औद्योगिक गतिविधियों को देखते हुए यहां मेट्रो सेवा समय की जरूरत बन चुकी है।

10 हजार हस्ताक्षरों के बाद मुख्यमंत्री को ज्ञापन

अभियान से जुड़े लोगों ने बताया कि फिलहाल अभियान को लगातार समर्थन मिल रहा है और जल्द ही 10 हजार हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। लक्ष्य पूरा होने के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर सोहना तक मेट्रो रेल सेवा के विस्तार की औपचारिक मांग की जाएगी।
स्थानीय नागरिकों को उम्मीद है कि सरकार उनकी जरूरतों को समझते हुए सोहना को भी मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में ठोस कदम उठाएगी।

More From Author

गुरुग्राम में सनसनी: पेट्रोल पंप के पीछे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव

गुरुग्राम में ईवी इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलेगा नया आयाम, 20 चार्जिंग स्टेशन होंगे स्थापित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.