गुरुग्राम के सेक्टर-40 थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां दो युवकों पर दिल्ली की रहने वाली एक युवती के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता ने पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में बताया कि वह दिल्ली के उत्तम नगर इलाके की निवासी है और कुछ दिनों के लिए गुरुग्राम के झाड़सा इलाके में अपनी एक दोस्त के पास रहने आई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात हुड्डा सिटी सेंटर के पास राह चलते जोयदेव रॉय नाम के युवक से हुई। बातचीत के बाद दोनों में दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई।
पीड़िता के अनुसार आरोपी जोयदेव रॉय मूल रूप से कोलकाता का रहने वाला है और सेक्टर-45 में स्थित एक स्पा सेंटर में मैनेजर के रूप में काम करता है। दोनों के बीच मोबाइल पर लगातार बातचीत होती थी। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी कई बार उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाता रहा, लेकिन उसने शादी से पहले किसी भी तरह के संबंध से इनकार कर दिया।
डिनर के बहाने ले गया स्पा सेंटर
पीड़िता ने बताया कि 13 जनवरी 2026 की रात करीब 11 बजे आरोपी ने फोन कर साथ में खाना खाने और बातचीत करने का प्रस्ताव रखा। इसके बाद वह बाइक पर उसे लेने आया और सेक्टर-39 झाड़सा से सेक्टर-45 स्थित अपने स्पा सेंटर में ले गया।
आरोप है कि वहां आरोपी ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पीड़िता को पिला दिया, जिससे वह नशे की हालत में विरोध नहीं कर सकी। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने दूसरे कमरे में मौजूद अपने दोस्त को भी बुला लिया, जिसने भी पीड़िता के साथ रेप किया।
वीडियो वायरल करने की दी धमकी
पीड़िता का कहना है कि सुबह होश में आने पर दोनों आरोपियों ने उसे धमकी दी कि उन्होंने उसकी आपत्तिजनक वीडियो बना ली है। यदि उसने पुलिस में शिकायत की या किसी को इस बारे में बताया, तो वीडियो वायरल कर दी जाएगी। पीड़िता के अनुसार दोनों आरोपी मूल रूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं।
फिलहाल पीड़िता की शिकायत के आधार पर सेक्टर-40 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच जारी है।
