साइबर सिटी गुरुग्राम में नशे में गाड़ी चलाने और तेज रफ्तार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आज सुबह करीब 6 बजे एक नशे में धुत कार चालक ने तेज रफ्तार में बाइक सवार युवक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका पैर टूट गया।

घायल युवक की पहचान आशीष के रूप में हुई है। टक्कर के बाद भी आशीष ने हिम्मत नहीं हारी और कार को मौके पर ही रुकवा लिया। जब कार चालक को देखा तो वह शराब के नशे में था।
घायल ने खुद बनाया सबूत
आशीष ने मौके पर ही कार चालक का वीडियो रिकॉर्ड किया और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। वीडियो में चालक की हालत साफ नजर आ रही है। सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया।
पहले भी कट चुके हैं चालान
इस कार पर पहले से ही ओवरस्पीडिंग के तीन चालान कट चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद चालक खुलेआम कानून की धज्जियां उड़ाता रहा।
बड़ा हादसा हो सकता था
आशीष के मुताबिक अगर बाइक की जगह कोई परिवार या पैदल राहगीर होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। शराब पीकर तेज रफ्तार में गाड़ी चलाना सीधे तौर पर लोगों की जान से खेलने जैसा है।
FIR की मांग, पुलिस ने थाने भेजा
पीड़ित ने सोशल मीडिया के जरिए गुरुग्राम पुलिस से आरोपी चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले की जांच जारी है।
