गुरुग्राम के सेक्टर-45, 46, 51 और 52 को जोड़ने वाले अंबेडकर चौक पर प्रस्तावित फ्लाईओवर के निर्माण को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) की ओर से फ्लाईओवर निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है। अधिकारियों के अनुसार 15 फरवरी तक टेंडर आवंटित कर दिया जाएगा।

टेंडर मिलने के बाद करीब डेढ़ साल में फ्लाईओवर बनकर तैयार हो जाएगा।
37 करोड़ की लागत से बनेगा 1 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर
करीब 1 किलोमीटर लंबे इस फ्लाईओवर के निर्माण पर लगभग 37 करोड़ रुपये खर्च होंगे। फ्लाईओवर दो-दो लेन का होगा और इसे गुरुग्राम–सोहना हाईवे की दिशा में बनाया जाएगा।
फिलहाल इस चौक पर ट्रैफिक सिग्नल लगा होने के बावजूद सुबह और शाम के समय भारी जाम लगता है। वाहन चालकों को 10 से 15 मिनट तक इंतजार करना पड़ता है, जिससे रोजाना परेशानी झेलनी पड़ती है।
फ्लाईओवर बनने से खत्म होगा जाम
सेक्टर-52 आरडब्ल्यूए के पूर्व प्रधान प्रदीप बोहरा ने बताया कि फ्लाईओवर बनने के बाद इस चौक पर ट्रैफिक जाम की समस्या खत्म हो जाएगी। अभी लोगों को लंबे समय तक सिग्नल पर रुकना पड़ता है।
डिजाइन तैयार, जल्द शुरू होगा निर्माण
जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता अमित गोदारा के अनुसार फ्लाईओवर का डिजाइन तैयार हो चुका है। सलाहकार कंपनी द्वारा टेंडर दस्तावेज बनाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अगले 3 से 4 महीनों में निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा और अगले साल तक फ्लाईओवर पूरा कर लिया जाएगा।
दादी सती चौक पर भी इसी महीने लगेगा टेंडर
इसके अलावा दादी सती चौक (सेक्टर 85-86-89-90) पर प्रस्तावित फ्लाईओवर के निर्माण का टेंडर भी इसी महीने लगाए जाने की तैयारी है। जीएमडीए का मानना है कि भविष्य में इस क्षेत्र में ट्रैफिक दबाव काफी बढ़ने वाला है।
निर्माण के दौरान सड़क बंद नहीं होगी
जीएमडीए अधिकारियों के मुताबिक फ्लाईओवर निर्माण के दौरान सड़क को पूरी तरह बंद नहीं किया जाएगा।
सिर्फ उसी हिस्से में बेरिकेडिंग होगी ज हां निर्माण कार्य चलेगा, जिससे वाहन चालकों को ज्यादा परेशानी नहीं होगी।
