गुरुग्राम में थार की तलाशी लेते ही पुलिस भी रह गई हैरान, गाड़ी से मिली 4 तलवारें और खुखरी

गुरुग्राम शहर में कानून व्यवस्था को चुनौती देने का मामला सामने आया है। सेक्टर-10ए इलाके में दो युवक काले रंग की थार में सवार होकर सरेआम तलवारें लहराते हुए तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहे थे। उनकी इस हरकत से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार सेक्टर-10ए थाना में तैनात एएसआई देवेंद्र अपनी टीम के साथ मार्केट क्षेत्र में क्राइम पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि कादीपुर और सेक्टर-10ए के आसपास दो युवक थार गाड़ी में तलवारें लहराते हुए लापरवाही से वाहन चला रहे हैं, जिससे राहगीरों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है।

हिमगिरी चौक पर लगाया नाका
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने हिमगिरी चौक पर नाका लगाकर वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद बिना नंबर प्लेट की काले रंग की थार बसई चौक की तरफ से तेज रफ्तार में आती दिखाई दी।

पुलिस ने गाड़ी को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की। हालांकि पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गाड़ी को रोक लिया और दोनों युवकों को काबू कर लिया।

गाड़ी से बरामद हुई चार तलवारें और खुखरी
पूछताछ में आरोपियों की पहचान तरुण यादव निवासी सेक्टर-10ए गुरुग्राम और तुषार शर्मा निवासी लक्ष्मी अपार्टमेंट सेक्टर-10ए गुरुग्राम के रूप में हुई।

पुलिस द्वारा थार गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें से चार नंगी तलवारें और एक खुखरी बरामद हुई। बरामद तलवारों की लंबाई करीब 2 फुट 10 इंच और खुखरी की लंबाई करीब 7 इंच बताई गई है।

लाइसेंस नहीं दिखा पाए आरोपी
जब पुलिस ने आरोपियों से हथियार रखने का लाइसेंस मांगा तो वे कोई वैध परमिट या लाइसेंस पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने सभी हथियार जब्त कर लिए।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 281 और 125, आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)(b) और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 39/192 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


More From Author

असम में सुखोई-30 क्रैश, गुरुग्राम के स्क्वाड्रन लीडर शहीद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *