40 मिनट का सफर अब 10 मिनट में… गुरुग्राम में बनने जा रही है नई एलिवेटेड रोड

गुरुग्राम शहर में बढ़ते ट्रैफिक जाम से राहत देने और प्रमुख एक्सप्रेसवे को बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) ने बड़ा कदम उठाया है। जीएमडीए ने सदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) पर करीब 754 करोड़ रुपये की लागत से एलिवेटेड रोड बनाने के लिए टेंडर जारी कर दिया है।
अधिकारियों के अनुसार टेंडर 22 अप्रैल को खोला जाएगा और इसके आवंटन के बाद करीब 30 महीने में यह एलिवेटेड रोड बनकर तैयार हो जाएगी।

4.2 किलोमीटर लंबी होगी एलिवेटेड रोड
प्रस्तावित एलिवेटेड रोड की लंबाई करीब 4.2 किलोमीटर होगी। इस रोड पर दोनों तरफ चार-चार लेन बनाई जाएंगी, जिससे ट्रैफिक का दबाव कम होगा और लोगों को तेज और सुगम सफर मिल सकेगा।

मौजूदा समय में द्वारका एक्सप्रेसवे से गुरुग्राम-सोहना हाईवे जाने के लिए वाहन चालकों को SPR और सर्विस रोड के रास्ते भोंडसी के पास हाईवे पर चढ़ना पड़ता है। इस दौरान भारी ट्रैफिक के कारण लोगों को करीब 40 से 45 मिनट तक जाम में फंसना पड़ता है।

एलिवेटेड रोड बनने के बाद यह समय घटकर 10 से 15 मिनट रह जाएगा। इससे द्वारका एक्सप्रेसवे से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे तक की कनेक्टिविटी काफी आसान हो जाएगी।

गोल्फ कोर्स रोड पर भी बनेगी एलिवेटेड रोड
शहर में ट्रैफिक सुधार के लिए गोल्फ कोर्स रोड पर भी एलिवेटेड रोड बनाने की योजना है। यह रोड गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड को गुरुग्राम-सोहना हाईवे से जोड़ेगी।

करीब 8 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट पर लगभग 1850 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसकी डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कर ली गई है।

इसके साथ ही SPR और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड को गुरुग्राम-सोहना हाईवे से जोड़ने के लिए क्लोवरलीफ इंटरचेंज भी बनाया जाएगा। क्लोवरलीफ बनने के बाद द्वारका एक्सप्रेसवे, गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड और गुरुग्राम-सोहना हाईवे आपस में सीधे जुड़ जाएंगे, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

सेक्टर 1 से 23 तक सड़कें होंगी गड्ढामुक्त
शहर की सड़कों की हालत सुधारने के लिए जीएमडीए ने सेक्टर-1 से सेक्टर-23 तक की मुख्य सड़कों को गड्ढामुक्त करने की योजना बनाई है। इसके लिए करीब 6 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया है।

टेंडर आवंटन के बाद यदि दो साल के भीतर किसी सड़क पर गड्ढा बनता है तो ठेकेदार को उसे अपने खर्च पर ठीक करना होगा। इस पहल से शहर के वाहन चालकों को बेहतर और सुरक्षित सड़कें मिलेंगी।

More From Author

गुरुग्राम में थार की तलाशी लेते ही पुलिस भी रह गई हैरान, गाड़ी से मिली 4 तलवारें और खुखरी

सुबह-सुबह गुरुग्राम में मचा हड़कंप, स्क्रैप यार्ड में लगी भीषण आग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *