मानेसर क्षेत्र के कंकरोला गांव में सोमवार सुबह एक खुले स्क्रैप यार्ड में भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसमान में घना धुआं फैल गया। सूचना मिलते ही मानेसर फायर स्टेशन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।

आग की गंभीरता को देखते हुए आईएमटी मानेसर के साथ-साथ सेक्टर-37 और सेक्टर-29 फायर स्टेशन से भी दमकल की गाड़ियां बुलानी पड़ीं। इसके अलावा होंडा मानेसर और मारुति मानेसर से भी एक-एक फायर ब्रिगेड की गाड़ी घटनास्थल पर भेजी गई। फिलहाल कुल छह दमकल गाड़ियां आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं।
फायर स्टेशन ऑफिसर ललित कुमार ने बताया कि स्क्रैप यार्ड में प्लास्टिक, रबर, पुरानी मशीनों और अन्य ज्वलनशील सामान की बड़ी मात्रा मौजूद है। इसी कारण आग तेजी से फैल गई और आसपास के इलाकों में धुएं का गुबार छा गया, जिससे दृश्यता भी प्रभावित हुई।
आग बुझाने में लग सकता है समय
दमकल अधिकारियों के अनुसार स्क्रैप यार्ड में जमा कचरा और धातु के ढेर आग बुझाने में मुश्किल पैदा कर रहे हैं। फायर ब्रिगेड की टीमें पानी की बौछारों और फोम का इस्तेमाल कर आग को नियंत्रित करने में जुटी हैं। एहतियात के तौर पर अतिरिक्त फायर यूनिट्स को भी अलर्ट पर रखा गया है।
अभी तक किसी हताहत की सूचना नहीं
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि आग का दायरा काफी बड़ा बताया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आग पूरी तरह बुझने के बाद स्क्रैप यार्ड में सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अंदर कोई फंसा न हो।
आग लगने का कारण अभी साफ नहीं
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह करीब सात बजे अचानक धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं, जिसके बाद तुरंत प्रशासन को सूचना दी गई।
