कमर्शियल LPG की कमी से गुरुग्राम के होटल-उद्योग परेशान, क्या बढ़ेंगी खाने की कीमतें?

गुरुग्राम। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का असर अब स्थानीय स्तर पर भी महसूस किया जाने लगा है। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते टकराव के बीच गुरुग्राम में कमर्शियल एलपीजी गैस की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका ने होटल, रेस्टोरेंट और कई उद्योगों की चिंता बढ़ा दी है। पेट्रोलियम कंपनियों की ओर से जारी निर्देशों के बाद शहर में कमर्शियल गैस सप्लाई अस्थायी रूप से सीमित होने की संभावना जताई जा रही है।

वैश्विक हालात से प्रभावित हुई आपूर्ति
हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) की ओर से औद्योगिक और कमर्शियल उपभोक्ताओं को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि वैश्विक भू-राजनीतिक स्थिति और आपूर्ति श्रृंखला में आई बाधाओं के कारण फिलहाल एलपीजी की उपलब्धता प्रभावित हो रही है।

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार इस समय एलपीजी की प्राथमिकता घरेलू उपभोक्ताओं को दी जा रही है। इसी वजह से होटल, रेस्टोरेंट और उद्योगों को फिलहाल वैकल्पिक ईंधन की व्यवस्था करने की सलाह दी गई है।

साइबर सिटी के होटल और फूड इंडस्ट्री पर असर
गुरुग्राम, जिसे साइबर सिटी के नाम से भी जाना जाता है, में बड़ी संख्या में होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट, कैटरिंग यूनिट और फूड इंडस्ट्री कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर पर निर्भर हैं। यदि गैस की सप्लाई अचानक बंद होती है तो इन प्रतिष्ठानों के सामने खाना बनाने और रोजमर्रा की गतिविधियों को जारी रखना चुनौती बन सकता है।

रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि अगर कमर्शियल गैस की सप्लाई लंबे समय तक प्रभावित रहती है तो उन्हें उत्पादन कम करना पड़ेगा या कुछ समय के लिए सेवाएं सीमित करनी पड़ सकती हैं।

उद्योगों की लागत बढ़ने की आशंका
गुरुग्राम के उद्योग विहार, मानेसर और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में कई इकाइयां एलपीजी का उपयोग करती हैं। इनमें फूड प्रोसेसिंग, बेकरी, केमिकल, पैकेजिंग और छोटे-मध्यम स्तर के मैन्युफैक्चरिंग यूनिट शामिल हैं।

गैस की कमी की स्थिति में इन इकाइयों को डीजल या अन्य वैकल्पिक ईंधन का सहारा लेना पड़ सकता है, जिससे उत्पादन लागत बढ़ने की आशंका है।

खाने की कीमतों पर भी पड़ सकता है असर
कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित होने का सीधा असर होटल और रेस्टोरेंट में मिलने वाले खाने की कीमतों पर भी पड़ सकता है। इसके अलावा कैटरिंग व्यवसाय और शादी-समारोह जैसे आयोजनों की व्यवस्थाएं भी प्रभावित हो सकती हैं।

डीलरों को दिए गए अपडेट साझा करने के निर्देश
पेट्रोलियम कंपनियों ने अपने डीलरों को निर्देश दिए हैं कि वे ग्राहकों को स्थिति की जानकारी देते रहें और नियमित अपडेट साझा करें। कंपनियों का कहना है कि जैसे ही वैश्विक हालात सामान्य होंगे और आपूर्ति सुधरेगी, कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई फिर से बहाल कर दी जाएगी।

प्रशासन ने स्थिति सामान्य बताई
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक अशोक रावत का कहना है कि फिलहाल घरेलू गैस सिलेंडर की उपलब्धता में किसी प्रकार की परेशानी नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि कोई गैस एजेंसी जानबूझकर आपूर्ति में बाधा उत्पन्न करती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी

More From Author

सुबह-सुबह गुरुग्राम में मचा हड़कंप, स्क्रैप यार्ड में लगी भीषण आग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *