गुरुग्राम। रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक होटल के कमरे में युवक की हत्या का मामला सामने आया है। सेक्टर-5 थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान आनंद गोस्वामी (41) निवासी तेतुलमुरी बस्ती, जिला धनबाद (झारखंड) के रूप में हुई है, जो काम की तलाश में गुरुग्राम आया था।

पुलिस के अनुसार 11 मार्च को सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के पास स्थित बसंत होटल के एक कमरे में एक व्यक्ति खून से लथपथ पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण सीन ऑफ क्राइम और फिंगरप्रिंट टीम से करवाया और मृतक के परिजनों को सूचना दी।
शिकायत के बाद दर्ज हुआ केस
12 मार्च को मृतक के जीजा ने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत में बताया गया कि आनंद गोस्वामी 8 मार्च से बसंत होटल में ठहरा हुआ था। आरोप है कि 10 और 11 मार्च की रात होटल में काम करने वाले दो लोगों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे लगी चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।
शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-5 गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 12 मार्च को दो आरोपियों को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान इंद्रजीत (23) निवासी तारानपुर जिला गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) और अरविंद कुमार उर्फ संजू (35) निवासी सतरघाट जिला गोपालगंज (बिहार) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी इंद्रजीत बसंत होटल में सफाई का काम करता है, जबकि आरोपी अरविंद रेलवे स्टेशन के आसपास रहता था और कभी-कभी होटलों में खाना बनाने का काम भी करता था।
मोबाइल को लेकर हुआ विवाद
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी इंद्रजीत को अपनी बहन की शादी के लिए पैसों की जरूरत थी। उसने देखा था कि मृतक आनंद शराब पीने का आदी था।
बताया जा रहा है कि 10 और 11 मार्च की रात जब आनंद शराब पीकर सो गया, तो इंद्रजीत उसका मोबाइल फोन ले गया और पैसे ट्रांसफर करने की कोशिश करने लगा। जब आनंद को होश आया तो उसने अपना फोन वापस मांगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
आरोप है कि इसके बाद इंद्रजीत और उसका साथी अरविंद आनंद के कमरे में गए और उसके साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान लगी चोटों के कारण आनंद की मौत हो गई।
जांच जारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
