गुरुग्राम में शीतला माता मंदिर के चैत्र मेले के चलते शहर की सड़कों पर भारी भीड़ देखने को मिल रही है। रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं, जिससे मंदिर के आसपास ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है। इसी को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन प्लान लागू किया है।

ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार सेक्टर-5 चौक से CRPF कैंप चौक तक शीतला माता मंदिर की मुख्य सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। यह व्यवस्था 4 अप्रैल तक लागू रहेगी। पुलिस ने कार चालकों को भी इस मार्ग से बचने और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
वैकल्पिक मार्गों से करें यात्रा
नजफगढ़ और द्वारका की ओर जाने वाले वाहन सिग्नेचर टावर से एमडी चौक, कटारिया चौक, पासको रेड लाइट, सेक्टर 21-22, रेजांगला चौक और कृष्णा चौक के रास्ते जा सकते हैं।
सेक्टर-12 से CRPF कैंप चौक की ओर जाने वाले वाहन DSD कॉलेज चौक और रेलवे स्टेशन रोड का उपयोग करें। यह मार्ग मंदिर क्षेत्र से अलग होकर ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखने में मदद करेगा।
इसी तरह सेक्टर-5 से मंदिर जाने वाले लोग प्रकाशपुरी चौक होते हुए रेलवे रोड का इस्तेमाल करें। वहीं NH-48 की ओर जाने वाले वाहन कृष्णा चौक और पासको रेड लाइट के रास्ते आगे बढ़ सकते हैं।
पार्किंग और नियमों का रखें ध्यान
ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया है कि मंदिर के पास सड़क पर वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं है। इसके लिए अलग से सरकारी पार्किंग की व्यवस्था की गई है। गलत पार्किंग मिलने पर वाहन को तुरंत टो किया जाएगा।
पुलिस की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा से पहले प्लानिंग करें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें। डायवर्जन का उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को बनाए रखना है।
चैत्र मेले के दौरान यह व्यवस्था जारी रहेगी, ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि भीड़ वाले इलाकों से बचते हुए तय रूट का ही इस्तेमाल करें।
