गुरुग्राम में फसल खरीद सीजन के बीच प्रशासन एक्शन मोड में नजर आ रहा है। गुरुवार को DC अजय कुमार ने फर्रुखनगर अनाज मंडी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी।

निरीक्षण के दौरान गेट पास सिस्टम, वाहनों की एंट्री, बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन और सुरक्षा इंतजामों की जांच की गई। DC ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी स्तर पर परेशानी नहीं होनी चाहिए।
गेट पास प्रक्रिया पर फोकस
DC ने एक किसान से सीधे बातचीत कर गेट पास की प्रक्रिया जानी। उन्होंने सिस्टम को और आसान व पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही बढ़ती भीड़ को देखते हुए बायोमैट्रिक मशीनों की संख्या बढ़ाने को कहा, ताकि लंबी कतारें न लगें।
CCTV और एंट्री सिस्टम पर सख्ती
मंडी गेट पर लगे CCTV कैमरों की जांच करते हुए DC ने 24×7 निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर आने-जाने वाले वाहन पर नजर रखी जाए और सभी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रजिस्ट्रेशन नंबर साफ दिखना चाहिए।

तय समय पर ही जारी होंगे गेट पास
प्रशासन ने साफ किया कि गेट पास सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक ही जारी किए जाएंगे। ये सुविधा केवल ‘मेरी फसल-मेरा ब्योरा’ पोर्टल पर रजिस्टर्ड किसानों के लिए ही होगी।
किसानों की सुविधाओं पर जोर
निरीक्षण के दौरान पेयजल, छाया, शौचालय और बैठने की व्यवस्था को लेकर भी निर्देश दिए गए। DC ने कहा कि खरीद के दौरान किसानों को बेसिक सुविधाएं मिलना सुनिश्चित किया जाए।
MSP पर खरीद जारी
अधिकारियों के मुताबिक,
- सरसों की खरीद 28 मार्च से ₹6200 प्रति क्विंटल
- गेहूं की खरीद 1 अप्रैल से ₹2585 प्रति क्विंटल
MSP पर शुरू हो चुकी है।
