गुरुग्राम जिले में शनिवार को सोहना-तावडू घाटी मार्ग के पास अरावली पर्वतमाला में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। तेज गर्मी और सूखी घास के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पहाड़ी क्षेत्र के बड़े हिस्से में फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहाड़ियों पर फैली सूखी झाड़ियों और घास ने आग को तेजी से फैलने में मदद की। तेज हवा के चलते लपटें लगातार आगे बढ़ती रहीं, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
दो घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। पहाड़ी और दुर्गम इलाका होने के कारण फायर टीम को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर काबू पा लिया गया।
सूखी घास बनी आग की वजह
फायर ब्रिगेड सुपरवाइजर देवेंद्र के अनुसार, आग मुख्य रूप से पहाड़ियों में मौजूद सूखी घास-फूस में लगी थी, जिसने तेजी से फैलकर कई हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया।
इस दौरान कुछ पेड़ों को नुकसान जरूर पहुंचा, लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा नुकसान होने से बच गया।
