गुरुग्राम में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का बुलडोजर एक्शन लगातार तेज हो रहा है। बुधवार को पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर रविंद्र उर्फ ‘सरकार’ की आलीशान कोठी को पूरी तरह गिरा दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।

पुलिस के मुताबिक, यह कोठी करीब 20 करोड़ रुपये की थी, जिसे आरोपी ने अवैध तरीके से बनाई थी। रविंद्र पर हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत 15 से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज हैं। साल 2011 में महेंद्र सरपंच हत्याकांड में भी उसका नाम सामने आया था।
350 गज में बनी थी 2 मंजिला कोठी
पुलिस जांच में सामने आया कि गांव ताजनगर में करीब 350 वर्ग गज में दो मंजिला कोठी बनाई गई थी। इसमें 7 कमरे बने हुए थे। निर्माण के लिए न तो किसी विभाग से अनुमति ली गई थी और न ही कोई वैध दस्तावेज मिले।

पिछले 6 महीने से पुलिस इस प्रॉपर्टी पर नजर बनाए हुए थी। जांच पूरी होने के बाद इसे अपराध से अर्जित संपत्ति मानते हुए गिराने का फैसला लिया गया।
सुबह-सुबह पहुंची टीम, मिनटों में ढहा दी कोठी
बुधवार सुबह क्राइम ब्रांच और नगर योजना विभाग की टीम बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची। कार्रवाई शुरू होते ही इलाके में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में पूरी कोठी को मलबे में बदल दिया गया।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस के बड़े अधिकारी और स्थानीय थाना टीम मौके पर मौजूद रही।
किराएदार पहले ही खाली करा दिए गए थे
पुलिस के अनुसार, इस कोठी में किराएदार रह रहे थे। कार्रवाई से पहले सभी को नोटिस देकर खाली करा लिया गया था, ताकि किसी को नुकसान न हो।
पहले भी हो चुका है बड़ा एक्शन
इससे पहले भी गुरुग्राम पुलिस गैंगस्टर कौशल चौधरी की 50 करोड़ से ज्यादा की अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चला चुकी है। उस पर हत्या, लूट और फिरौती के 37 से ज्यादा केस दर्ज हैं।
साफ संदेश: अपराध करोगे तो संपत्ति भी नहीं बचेगी
पुलिस का कहना है कि ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत ऐसे अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।
