मानेसर की मेयर डॉ. इंद्रजीत यादव ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी जॉइन कर ली। उन्हें प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने पार्टी में शामिल कराया।

डॉ. इंद्रजीत के बीजेपी में आने के बाद अब हरियाणा के 10 नगर निगमों में बीजेपी का कब्जा हो गया है।
निर्दलीय जीतकर बनी थीं मेयर
मार्च 2025 में हुए नगर निगम चुनाव में डॉ. इंद्रजीत यादव ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। उन्होंने बीजेपी के उम्मीदवार सुंदर लाल यादव को 2,293 वोटों से हराया था।
उस चुनाव में बीजेपी ने 10 में से 9 नगर निगमों में जीत दर्ज की थी, जबकि मानेसर एकमात्र निगम था जहां पार्टी को हार मिली थी।
मानेसर की पहली मेयर
मानेसर को गुरुग्राम से अलग कर नया नगर निगम बनाया गया था। 2025 में हुए पहले ही चुनाव में डॉ. इंद्रजीत यादव मेयर चुनी गईं।
अब उनके साथ 8 पार्षदों ने भी बीजेपी जॉइन कर ली है, जिससे निगम में पार्टी की स्थिति और मजबूत हो गई है।
पहले नहीं मिला था टिकट
जानकारी के अनुसार, चुनाव से पहले डॉ. इंद्रजीत ने बीजेपी से टिकट मांगा था, लेकिन पार्टी ने सुंदर लाल यादव को उम्मीदवार बनाया।
मेयर बनने के बाद भी उन्होंने बीजेपी में शामिल होने की कोशिश की थी, लेकिन उस समय मंत्री राव नरबीर सिंह की ओर से विरोध बताया गया।
