गुरुग्राम में अपराध और अवैध कब्जों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांव बादशाहपुर में एक शातिर अपराधी के अवैध मकान पर बुलडोजर चला दिया। संयुक्त कार्रवाई के दौरान सरकारी जमीन पर किए गए कब्जे को हटाकर भूमि को दोबारा कब्जामुक्त कराया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान बादशाहपुर निवासी इंद्रजीत के रूप में हुई है। उसके खिलाफ गुरुग्राम के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी लंबे समय से रंगदारी, अवैध वसूली और एक्सप्लोसिव एक्ट जैसे गंभीर मामलों में संलिप्त रहा है।

150 वर्ग गज सरकारी जमीन पर बनाया था मकान
जांच के दौरान पुलिस और प्रशासन को पता चला कि आरोपी ने सरकारी नियमों को दरकिनार करते हुए लगभग 150 वर्ग गज की सरकारी प्राइम लैंड पर अवैध कब्जा कर रखा था। इस जमीन पर बिना किसी अनुमति के पक्का मकान तैयार कर लिया गया था।

खुफिया विंग की रिपोर्ट सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया और निर्माण को अवैध घोषित करते हुए तुरंत कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए।
भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
बादशाहपुर में चलाए गए इस हाई-प्रोफाइल डिमोलिशन अभियान में अपराध शाखा मानेसर और जिला प्रशासन की टीम शामिल रही। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस की निगरानी में बुलडोजर से पूरे अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।
पुलिस की अपराधियों को सख्त चेतावनी
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने कहा कि सार्वजनिक जमीनों की सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखना और आम लोगों को अपराधियों के शोषण से बचाना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने साफ कहा कि आने वाले समय में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे और अपराधियों की अवैध संपत्तियों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी।
