पिछले महीने NEET पेपर लीक विवाद के बाद इस बार होने वाली NEET-UG परीक्षा को लेकर गुरुग्राम पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। प्रशासन का फोकस इस बात पर है कि परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और बिना किसी गड़बड़ी के संपन्न हो।

गुरुग्राम में रविवार को कुल 18 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें करीब 6804 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
380 पुलिसकर्मी तैनात, हर एंगल पर नजर
परीक्षा की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन ने बड़ा इंतजाम किया है। कुल 380 पुलिसकर्मी ड्यूटी पर लगाए गए हैं।
- 200 पुलिसकर्मी सीधे परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा संभालेंगे
- 180 पुलिसकर्मी ट्रैफिक और मूवमेंट मैनेजमेंट में तैनात रहेंगे
हर परीक्षा केंद्र के बाहर पुलिस बल की तैनाती शनिवार से ही शुरू कर दी गई है।
ट्रैफिक से लेकर पेट्रोलिंग तक खास प्लान
परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी तरह की भीड़ या जाम न लगे, इसके लिए खास ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। ट्रैफिक पुलिस लगातार निगरानी रखेगी ताकि अभ्यर्थियों को समय पर सेंटर तक पहुंचने में दिक्कत न हो।
इसके अलावा हर परीक्षा केंद्र पर एक-एक पुलिस राइडर की तैनाती की गई है, जो पूरे समय पेट्रोलिंग करेगा। इमरजेंसी स्थिति से निपटने के लिए प्रमुख स्थानों पर ERV (Emergency Response Vehicles) भी तैनात किए गए हैं।
पहले से हुआ निरीक्षण
परीक्षा से पहले ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कई सेंटरों का निरीक्षण किया। सुरक्षा व्यवस्था, एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स और भीड़ नियंत्रण को लेकर जरूरी निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस की अपील
गुरुग्राम पुलिस ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
