गुरुग्राम में अवैध RMC प्लांटों पर बड़ी कार्रवाई, एक साथ 5 यूनिट ध्वस्त

गुरुग्राम। मानेसर नगर निगम ने शनिवार को अवैध रूप से संचालित औद्योगिक इकाइयों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गढ़ी-बसई रोड पर पांच रेडी मिक्स कंक्रीट (RMC) प्लांटों को ध्वस्त कर दिया। बिना वैध अनुमति संचालित हो रहे इन प्लांटों पर नगर निगम की इंफोर्समेंट विंग ने जेसीबी मशीनों की मदद से कार्रवाई की। अभियान के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।

कार्रवाई नगर निगम के जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) राजेंद्र शर्मा के नेतृत्व में ड्यूटी मजिस्ट्रेट शशिकांत की मौजूदगी में की गई। निगम की टीम ने श्री बालाजी आरएमसी, इंफ्रा मार्केट कंक्रीट, एटूवी आरएमसी, श्री राम आरएमसी और शिवम रेडीमिक्स प्लांट को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, इन सभी प्लांटों का संचालन आवश्यक अनुमति और वैध दस्तावेजों के बिना किया जा रहा था। कार्रवाई से पहले संबंधित इकाइयों के रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन सामने आया। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों को हटाया गया।

पुलिस की मौजूदगी में चला अभियान

कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने पूरे अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से पूरा किया।

बिना अनुमति नहीं चलेंगी औद्योगिक गतिविधियां

डीटीपी राजेंद्र शर्मा ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में बिना अनुमति किसी भी प्रकार की औद्योगिक या व्यावसायिक गतिविधि संचालित नहीं होने दी जाएगी। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

उन्होंने बताया कि नगर निगम का उद्देश्य केवल अवैध निर्माण हटाना नहीं, बल्कि क्षेत्र में नियमानुसार विकास सुनिश्चित करना है। इसी के तहत अवैध रूप से संचालित इकाइयों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। निगम ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी पूर्वाग्रह के कार्रवाई की जाएगी।

More From Author

गुरुग्राम को मिलेगा नया जिला न्यायालय परिसर, 12 जुलाई को ‘टावर ऑफ जस्टिस’ का होगा उद्घाटन

पुराने ट्रक और बस मालिकों के लिए बड़ी राहत, हरियाणा सरकार देगी 100% टैक्स छूट; जानिए पूरी योजना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *