गुरुग्राम में सड़क हादसे के बाद फरार हुए बलेनो कार चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने तेज रफ्तार और लापरवाही से कार चलाते हुए सड़क किनारे खड़े एक युवक को टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद वह मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस जांच में उसकी पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दुर्घटना में इस्तेमाल की गई बलेनो कार भी बरामद कर ली है।

एचपी पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, 2 जुलाई को थाना बादशाहपुर क्षेत्र स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास सड़क हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक घायल को इलाज के लिए मेडिकेयर हॉस्पिटल, सिविल लाइंस ले जाया जा चुका था।
शुरुआत में डॉक्टरों ने घायल की हालत को देखते हुए उसे बयान देने के लिए अयोग्य घोषित किया। अगले दिन डॉक्टरों से अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया।
सड़क किनारे खड़ा था युवक
घायल ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त के साथ गुरुग्राम आया था। दोनों एचपी पेट्रोल पंप के पास खड़े थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आई एक बलेनो कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि उसके पैर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद चालक बिना रुके कार लेकर मौके से फरार हो गया।
CCTV और जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पीड़ित की शिकायत पर थाना बादशाहपुर में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची।
जांच के दौरान पुलिस ने रविन्द्र, निवासी गांव अनंगपुर, जिला फरीदाबाद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हादसा करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से दुर्घटना में इस्तेमाल की गई बलेनो कार भी बरामद कर ली है।
जांच जारी
पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।
