गुरुग्राम में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, धमकी भरे ईमेल के बाद मचा हड़कंप

गुरुग्राम: शुक्रवार सुबह गुरुग्राम में उस समय हड़कंप मच गया, जब जिला प्रशासन और न्यायिक संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला। धमकी मिलने के बाद गुरुग्राम जिला कोर्ट, डीसी ऑफिस (लघु सचिवालय) और शहर के कई प्रमुख स्कूलों में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। एहतियात के तौर पर कोर्ट और डीसी कार्यालय परिसर को तुरंत खाली कराया गया, जबकि कई स्कूलों ने भी छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए कक्षाएं खाली करा दीं।

धमकी भरे ईमेल के बाद तुरंत हरकत में आया प्रशासन

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 8:20 बजे एक ईमेल भेजा गया, जिसमें खुद को खालिस्तान नेशनल आर्मी से जुड़ा बताया गया। ईमेल में गुरुग्राम के डीसी ऑफिस, जिला अदालतों, स्कूलों और दिल्ली स्थित संसद भवन को निशाना बनाने की धमकी दी गई।

ईमेल में दावा किया गया कि यदि ‘कॉकरोच जनता पार्टी (CJP)’ के छात्रों पर दर्ज एफआईआर वापस नहीं ली गई तो 5 अगस्त तक अलग-अलग स्थानों पर बम धमाके किए जाएंगे।

कोर्ट और लघु सचिवालय कराया गया खाली

धमकी की सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा के मद्देनजर जिला कोर्ट परिसर और लघु सचिवालय को तत्काल खाली कराया गया। कोर्ट की कार्यवाही भी कुछ समय के लिए रोक दी गई, जबकि पूरे परिसर की गहन तलाशी ली गई।

पुलिस ने कोर्ट परिसर के हर हिस्से की जांच की और आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी।

स्कूलों में भी बढ़ाई गई सुरक्षा

ईमेल में गुरुग्राम के स्कूलों का भी जिक्र होने के बाद शिक्षा विभाग और पुलिस ने तुरंत सभी स्कूलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। कई निजी स्कूलों ने एहतियात के तौर पर क्लासरूम खाली करा दिए और अभिभावकों को सूचना देकर बच्चों को घर ले जाने की व्यवस्था की।

स्कूल परिसरों में भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई और पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

दूसरे जिलों में भी चला सर्च अभियान

धमकी केवल गुरुग्राम तक सीमित नहीं रही। हिसार और फतेहाबाद समेत हरियाणा के अन्य जिलों में भी अदालत परिसरों की सुरक्षा बढ़ा दी गई। फतेहाबाद में एसपी निकिता खट्टर ने स्वयं कोर्ट परिसर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और सर्च अभियान की निगरानी की।

पुलिस कर रही ईमेल की जांच

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां धमकी भरे ईमेल की सत्यता और उसके स्रोत की जांच में जुटी हैं। साइबर विशेषज्ञों की मदद से ईमेल भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल यह एहतियाती कार्रवाई है और लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। यदि कहीं कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।

More From Author

गुरुग्राम रेलवे स्टेशन पर अचानक बढ़ी सुरक्षा, जानिए क्यों चला घंटों चेकिंग अभियान

कूड़ा डालने से रोकना पड़ा भारी! गुरुग्राम की सोसाइटी में सड़क पर जमकर बवाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *