गुरुग्राम: सेक्टर-67ए स्थित अंसल वर्सालिया सोसाइटी में गुरुवार देर रात एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि घर के बाहर कूड़ा डालने को लेकर शुरू हुई कहासुनी कुछ ही मिनटों में लाठी-डंडों और मारपीट तक पहुंच गई। इस घटना में सोसाइटी के RWA ज्वाइंट सेक्रेटरी प्रयाग और उनकी पत्नी शालिनी गुप्ता घायल हो गए। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पीड़ित परिवार ने सेक्टर-65 थाना पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कूड़ा डालने से रोकने पर शुरू हुआ विवाद
पीड़ित परिवार का आरोप है कि गुरुवार रात उनके घर के बाहर एक युवक कूड़ा फेंक रहा था। जब उन्होंने इसका विरोध किया और घर के सामने कूड़ा नहीं डालने को कहा, तो पहले कहासुनी हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

शिकायत के अनुसार, कुछ ही देर में आरोपी पक्ष के कई लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि वे लाठी-डंडे और अन्य सामान लेकर आए और प्रयाग तथा उनके परिवार पर हमला कर दिया।
पत्नी के साथ भी मारपीट का आरोप
पीड़ित का कहना है कि हमलावरों ने सिर्फ उनके साथ ही नहीं, बल्कि उनकी पत्नी के साथ भी मारपीट की। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि धक्का-मुक्की के दौरान कपड़े भी फाड़ दिए गए। किसी तरह दोनों ने मौके से निकलकर अपनी जान बचाई।
CCTV और मोबाइल वीडियो सामने आने का दावा
घटना के कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें सड़क पर झगड़ा और मारपीट होती दिखाई दे रही है। वीडियो में कुछ लोग एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

पड़ोसी बने तमाशबीन
घटना के दौरान शोर सुनकर कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए, लेकिन पीड़ित का आरोप है कि किसी ने बीच-बचाव नहीं किया। काफी देर तक सोसाइटी की सड़क पर हंगामा चलता रहा और लोग दूर खड़े होकर घटना देखते रहे।
डायल-112 पर कॉल कर पहुंची पुलिस
मारपीट के बाद पीड़ित परिवार ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। इसके बाद शुक्रवार सुबह पीड़ित ने सेक्टर-65 थाना में लिखित शिकायत दी।
शिकायत में मनीष हरसाना का नाम लिया गया है। पीड़ित का दावा है कि वह भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता हैं और उनकी पत्नी वार्ड-15 की पार्षद भारती हैं।
पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई
सेक्टर-65 थाना प्रभारी रामबीर ने बताया कि पुलिस को रात में झगड़े की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची थी।
उन्होंने कहा कि पीड़ित पक्ष की लिखित शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, शिकायत में नामजद मनीष हरसाना से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। उनके भाई का कहना है कि उन्हें सिर्फ बच्चों के बीच हुए विवाद की जानकारी है और मामले की पूरी जानकारी उनके पास नहीं है.
