PM मोदी के 25 साल: हरियाणा में 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान, हर विधानसभा में जलेंगे 30 हजार दीये

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर हरियाणा में एक महीने तक चलने वाला ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू किया जाएगा। यह अभियान 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के तहत सेवा, सुशासन, पर्यावरण, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने शनिवार को गुरुग्राम स्थित भाजपा कार्यालय ‘गुरुकमल’ में अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि इसमें भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं, स्कूल-कॉलेजों और विभिन्न संगठनों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।

मोदी के जन्मदिन पर हर विधानसभा में जलेंगे 30 हजार दीये
‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत 17 सितंबर को सेवा दिवस के रूप में होगी। इस दिन हरियाणा की प्रत्येक विधानसभा में करीब 30 हजार आशीर्वाद के दीये जलाए जाएंगे। इसके अलावा प्रदेश के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों पर भी बड़े स्तर पर दीप जलाने के कार्यक्रम होंगे।

कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर पर एक लाख दीये और पानीपत के देवी मंदिर में 50 हजार दीये जलाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।गुरुग्राम के प्राचीन माता शीतला मंदिर, पंचकूला के माता मनसा देवी मंदिर और जींद के रानी तालाब समेत कई अन्य स्थानों पर भी दीप जलाने के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मानेसर में लगाए जाएंगे 10 हजार पौधे
अभियान में पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत प्रदेशभर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित होंगे। गुरुग्राम के मानेसर में नमो वाटिका के तहत करीब 10 हजार पौधे लगाए जाएंगे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।

17 सितंबर से रक्तदान अभियान की शुरुआत
सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में रक्तदान अभियान की शुरुआत होगी। इसके बाद प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हर दिन बड़े रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। अभियान में युवाओं की भागीदारी पर विशेष जोर दिया जाएगा।

इसके साथ ही प्रदेशभर में स्वास्थ्य जांच और मोतियाबिंद के इलाज के लिए शिविर लगाए जाएंगे। सरकार, सामाजिक संस्थाओं, एनजीओ और भाजपा कार्यकर्ताओं की मदद से ‘कैटरैक्ट फ्री हरियाणा’ अभियान को आगे बढ़ाने की योजना है।

स्कूलों में होंगी ‘मेरे सपनों का भारत’ प्रतियोगिताएं
अभियान के दौरान स्कूली बच्चों के लिए ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर ड्रॉइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनकी शुरुआत गांव स्तर से होगी और इसके बाद ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर पर प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। विजेता बच्चों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं युवाओं के लिए करियर काउंसलिंग सेशन भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि उन्हें पढ़ाई और करियर से जुड़े विकल्पों की जानकारी मिल सके।

19,365 आंगनवाड़ियों में होंगे कार्यक्रम
हरियाणा की करीब 19,365 आंगनवाड़ियों में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बच्चों के लिए मनोरंजक प्रतियोगिताएं होंगी और उनकी माताओं को पोषण से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा वर्करों के योगदान को सम्मानित करने की भी योजना है।

अंगदान और नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता
अभियान के दौरान लोगों को अंगदान के लिए जागरूक किया जाएगा। किडनी, लीवर, कॉर्निया और ऊतक दान के महत्व की जानकारी देकर लोगों को अंगदान का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके साथ ही नशे के खिलाफ भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभिभावकों को बच्चों के व्यवहार में होने वाले बदलावों को समय रहते पहचानने और उन्हें सही दिशा देने के बारे में जानकारी दी जाएगी।

7 अक्टूबर को निकलेगी ‘सेवा ज्योति यात्रा’
देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों के सम्मान में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बच्चों को सैनिकों और देश के वीरों की कहानियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि उनमें देश और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना मजबूत हो। अभियान के तहत 7 अक्टूबर को हरियाणा के अलग-अलग जिलों में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। इसके जरिए सेवा, सुशासन और विकास का संदेश लोगों तक पहुंचाने की बात कही गई है।

इसके अलावा हरियाणा और कर्नाटक के बीच विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दोनों राज्यों के प्रतिनिधि एक-दूसरे के यहां जाकर विकास कार्यों और योजनाओं का जायजा लेंगे। अभियान में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ समाज के अलग-अलग वर्गों को भी जोड़ा जाएगा। भाजपा नेताओं ने लोगों से ‘सेवा संकल्प अभियान’ में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान में मोदी के जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाने के साथ-साथ प्रदेशभर में सामाजिक, स्वास्थ्य, पर्यावरण और जन-जागरूकता से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

More From Author

गुरुग्राम में बड़ा Flyover Plan! महिपालपुर से एंबियंस मॉल तक बनेगा 3 लेन फ्लाईओवर

गुरुग्राम में C&D Waste उठाने के लिए अब कितने रुपये देने होंगे?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *