गुरुग्राम के सेक्टर-66 स्थित वाटिका प्रोफेशनल टावर में रविवार रात अचानक आग लग गई। आग बिल्डिंग की नौवीं मंजिल पर बने एक प्राइवेट ऑफिस में लगी। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-29 फायर स्टेशन से दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने काफी देर बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग पर काबू पाने से इसे आसपास के दूसरे ऑफिसों तक फैलने से रोक लिया गया।

ऑफिस में रखा सामान जला
आग रविवार रात करीब 10 बजे नौवीं मंजिल पर स्थित एक प्राइवेट कार्यालय में लगी थी। आग की चपेट में आने से ऑफिस में रखी कुर्सियां, फर्नीचर और अन्य सामान जल गया। हालांकि, आग से किसी के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
वाटिका प्रोफेशनल टावर एक कमर्शियल बिल्डिंग है, जिसमें कई कंपनियों और संस्थानों के प्राइवेट ऑफिस चलते हैं। ऐसे में आग के दूसरे कार्यालयों तक पहुंचने का भी खतरा था लेकिन दमकल विभाग की टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, आग का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं है। दमकल विभाग और संबंधित टीम मामले की जांच कर रही है। फिलहाल आग से हुए नुकसान की जांच की जा रही है।
