Parking में रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन पर हमला, Police Action और MLC Report पर क्यों उठे सवाल ?

गुरुग्राम में मैग्नम ग्लोबल पार्क में पार्किंग को लेकर हुए विवाद के दौरान एक रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन पर लोहे की रॉड से हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की पहचान ग्रुप कैप्टन अमित कुमार गुप्ता सेवानिवृत्त के रूप में हुई है। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में एक पार्किंग अटेंडेंट पर हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

अमित कुमार गुप्ता के मुताबिक, वह वीरवार रात अपने परिवार के साथ मैग्नम ग्लोबल पार्क स्थित गोंजो रेस्टोरेंट में डिनर करने पहुंचे थे। रात करीब 8 बजे उन्होंने परिवार के सदस्यों को रेस्टोरेंट के पास उतारा और अपनी कार पार्क करने के लिए जगह तलाशने लगे।

पार्किंग को लेकर हुआ विवाद
शिकायत के अनुसार पार्किंग स्टाफ उन्हें कार खड़ी करने के लिए अलग-अलग जगह भेजता रहा। कभी उन्हें वैलेट पार्किंग, कभी बेसमेंट और कभी मल्टीलेवल पार्किंग की तरफ जाने के लिए कहा गया। गुप्ता का आरोप है कि बाद में पार्किंग स्टाफ ने उनकी कार पार्क करने से मना कर दिया।

इसी दौरान वह अपनी कार को रिवर्स करने की कोशिश कर रहे थे। आरोप है कि एक पार्किंग अटेंडेंट ने कार की विंडशील्ड पर हमला किया। इसके बाद जब गुप्ता कार से बाहर निकलकर विरोध करने लगे तो अटेंडेंट लोहे की रॉड लेकर आया। गुप्ता का आरोप है कि अटेंडेंट ने उन पर दो बार रॉड से हमला किया। पहला वार उनके हाथ पर और दूसरा सिर पर किया गया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई और हाथ की हड्डी टूट गई।

खून से लथपथ हुए, अस्पताल में हुई सर्जरी

गुप्ता ने बताया कि हमले के बाद वह खून से लथपथ हो गए थे। उनका आरोप है कि मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और अन्य पार्किंग कर्मचारियों ने उन्हें बचाने की कोशिश नहीं की। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से मेदांता अस्पताल ले जाया गया। यहां उनकी कोहनी की हड्डी में प्लेट लगाकर सर्जरी की गई। गुप्ता का कहना है कि हमला अचानक हुआ और उन्हें अपना बचाव करने का मौका तक नहीं मिला। उन्होंने आरोपी पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

पुलिस पर भी लगाए गंभीर आरोप
रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन ने अपनी शिकायत में पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि उन्होंने पुलिस हेल्पलाइन पर फोन किया था लेकिन करीब आधे घंटे तक पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचे। उन्होंने अस्पताल की MLC रिपोर्ट को लेकर भी सवाल उठाया है। गुप्ता का आरोप है कि रिपोर्ट में उनके सिर से खून बहने और कोहनी की चोट का सही तरीके से उल्लेख नहीं किया गया। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और गंभीर धाराओं में FIR दर्ज करने की मांग की है।

‘ऑपरेशन सफेद सागर’ का हिस्सा रह चुके हैं गुप्ता
अमित कुमार गुप्ता वर्ष 1999 में कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायुसेना के ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ का हिस्सा रहे थे। यह अभियान कारगिल क्षेत्र में पाकिस्तानी घुसपैठियों के खिलाफ भारतीय सेना की कार्रवाई में भारतीय वायुसेना की अहम भूमिका से जुड़ा था। फिलहाल इस मामले में पीड़ित की ओर से लगाए गए आरोपों पर पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है। पुलिस जांच के बाद ही हमले की पूरी स्थिति और घटना की वजह साफ हो पाएगी।

More From Author

गुरुग्राम सेक्टर-66 के वाटिका प्रोफेशनल टावर में लगी आग, 9वीं मंजिल का ऑफिस जला

गुरुग्राम का बड़ा चुनाव! Senior Deputy Mayor और Deputy Mayor की कुर्सी पर किसका कब्जा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *