गुरुग्राम के सेक्टर-90 स्थित सफायर 90 मॉल में देर रात अचानक पुलिस का बड़ा ऑपरेशन शुरू हुआ। करीब 100 पुलिसकर्मियों ने पूरे मॉल को घेर लिया और एक-एक करके नहीं, बल्कि सभी 18 स्पा सेंटरों की एक साथ जांच शुरू कर दी। कई सेंटरों के अंदर ताले लगे मिले, जिन्हें पुलिस ने कटर से काटकर खोला।
रात करीब 10 बजे शुरू हुई यह कार्रवाई सुबह 3 बजे तक चली। गुरुग्राम पुलिस और हरियाणा राज्य महिला आयोग की संयुक्त टीम ने मॉल के सभी 18 स्पा सेंटरों की जांच की।

8 स्पा सेंटरों में संदिग्ध गतिविधियां
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान 18 में से 8 स्पा सेंटरों में प्रथम दृष्टया संदिग्ध गैर-कानूनी गतिविधियों के सबूत मिले हैं। मौके से मिले इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्यों को पुलिस ने कब्जे में लिया है और उनकी जांच की जा रही है। पुलिस अब इन सेंटरों के मालिकों, संचालकों, मैनेजरों और दूसरे लोगों की भूमिका भी जांच रही है।
30 महिलाएं और 20 पुरुष मिले
छापेमारी के दौरान स्पा सेंटरों के अंदर करीब 30 महिलाएं और 20 पुरुष मिले। सभी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। पुलिस महिलाओं से यह जानने की कोशिश कर रही है कि वे यहां किन परिस्थितियों में काम कर रही थीं। वहीं, मौके पर मिले पुरुषों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

कई सेंटरों के ताले काटकर अंदर पहुंची पुलिस
कार्रवाई के दौरान कुछ स्पा सेंटर बंद मिले और उनके बाहर ताले लगे थे। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद कुछ संचालक सेंटर बंद कर वहां से चले गए थे। इसके बाद पुलिस टीम ने कटर से ताले काटे और अंदर जाकर जांच की। यह कार्रवाई हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शिनी की मौजूदगी में हुई। वह अपनी टीम और ड्यूटी मजिस्ट्रेट के साथ मौके पर मौजूद रहीं।
ऑपरेशन की अगुवाई एसीपी मुख्यालय-1 अभिलक्ष जोशी ने की। करीब 100 पुलिसकर्मियों की टीम में लगभग 20 इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर शामिल थे। अब खेड़कीदौला थाना करेगा आगे की जांच प्रारंभिक जांच के बाद मामले की आगे की जांच खेड़कीदौला थाना करेगा। पुलिस जब्त किए गए डिजिटल, इलेक्ट्रॉनिक और दस्तावेजी साक्ष्यों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि वैध कारोबार की आड़ में चल रही गैर-कानूनी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
