गुरुग्राम यूनिवर्सिटी के बाहर बवाल!

गुरुग्राम में यूनिवर्सिटी के गेट के बाहर अचानक एक सफेद थार पहुंचती है सामने एक छात्र आता है और देखते ही देखते उसे टक्कर लग जाती है। छात्र सड़क पर गिरता है और इसके बाद जो हुआ, वो CCTV कैमरे में कैद हो गया। करीब डेढ़ मिनट की इस पूरी घटना ने यूनिवर्सिटी के बाहर सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मामला गुरुग्राम के सेक्टर-53 स्थित एक निजी विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार के बाहर का है। यहां छात्रों के बीच हुए विवाद के दौरान एक छात्र को सफेद रंग की थार से टक्कर लगने और उसके बाद मारपीट करने का मामला सामने आया है।

पहले कहासुनी, फिर बढ़ गया विवाद
पुलिस के मुताबिक, घटना 22 सितंबर की सुबह करीब साढ़े 10 बजे की है। पीड़ित छात्र इसी विश्वविद्यालय में मनोविज्ञान की पढ़ाई कर रहा है। सुबह वह यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट से बाहर निकला था। इसी दौरान सफेद रंग की थार वहां पहुंची और छात्र को टक्कर लग गई। टक्कर लगने के बाद छात्र सड़क पर गिर गया। आरोप है कि इसके बाद थार में बैठे कुछ छात्र गाड़ी से नीचे उतरे और छात्र के साथ लात-घूंसों से मारपीट करने लगे। इस दौरान छात्र को चोटें भी आईं।

CCTV में कैद हुई पूरी घटना
इस पूरी वारदात का CCTV फुटेज सामने आया है। करीब डेढ़ मिनट की रिकॉर्डिंग में थार के यूनिवर्सिटी गेट के पास पहुंचने, छात्र को टक्कर लगने और इसके बाद छात्रों के बीच हुई मारपीट का घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद सेक्टर-53 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया।

छह छात्रों को थाने बुलाया गया
पीड़ित छात्र की शिकायत पर सेक्टर-53 थाना पुलिस ने रपट दर्ज की है। पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल छह छात्रों को थाने बुलाया। उनके स्वजन की मौजूदगी में छात्रों को सख्त चेतावनी दी गई, जिसके बाद फिलहाल उन्हें छोड़ दिया गया। वहीं, मामले को लेकर सेक्टर-53 थाना प्रभारी ने गुरुवार को विश्वविद्यालय के कुलपति को पत्र भेजा है। पुलिस ने घटना में शामिल दोषी छात्रों के खिलाफ विश्वविद्यालय स्तर पर भी प्रशासनिक कार्रवाई करने का आग्रह किया है। अब CCTV फुटेज और शिकायत के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

More From Author

एक कपल के महीने का 1.2 लाख रुपये खर्च… क्या गुरुग्राम में रहना इतना महंगा है ?

द्वारका एक्सप्रेसवे पर टोल से बचाएगी ये सड़क ?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *