गुरुग्राम सेक्टर-104 में कब बनेगी 24 मीटर सड़क?

गुरुग्राम सेक्टर-104 में रहने वाले करीब 2 हजार परिवारों के लिए राहत की खबर है। जिस 24 मीटर चौड़ी सड़क का इंतजार लंबे समय से किया जा रहा था, अब उसके निर्माण का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है। सड़क बनने के बाद जारा होम्स और गोदरेज समिट सोसाइटी के लोगों को गांव के संकरे और खराब रास्ते से होकर आने-जाने की मजबूरी से राहत मिल सकती है। खास बात यह है कि सड़क के निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। HSVP की प्रशासक वैशाली सिंह ने जमीन अधिग्रहण का प्रस्ताव तैयार कर मुख्यालय भेज दिया है।

किस परेशानी से गुजरना पड़ रहा है?
फिलहाल जारा होम्स और गोदरेज समिट के निवासियों को गांव धनवापुर के राजस्व रास्ते से होकर आना-जाना पड़ता है। यह रास्ता काफी समय से खराब हालत में है। बारिश के दिनों में समस्या और बढ़ जाती है। यहां करीब एक फीट तक पानी भर जाता है, जबकि रास्ता छोटा होने के कारण सुबह और शाम वाहनों का दबाव बढ़ते ही जाम लग जाता है।यानी जिन लोगों के घर आधुनिक सोसाइटियों में हैं, उन्हें रोजमर्रा के सफर में एक ऐसे रास्ते का इस्तेमाल करना पड़ रहा है, जो इस बढ़ती आबादी के हिसाब से पर्याप्त नहीं है।

सड़क के लिए कितनी जमीन चाहिए?
HSVP की संयुक्त स्थल निरीक्षण समिति ने प्रस्तावित सड़क की साइट का निरीक्षण करने के बाद जमीन अधिग्रहण का प्रस्ताव तैयार किया है।
प्रस्ताव के मुताबिक
* गुड़गांव गांव की करीब 2.96 एकड़ जमीन
* धनवापुर गांव की करीब 0.69 एकड़ जमीन सड़क के लिए अधिग्रहित की जानी है।

गोदरेज समिट सोसाइटी निवासी बजरंग जैन के मुताबिक, सेक्टर के मंजूर नक्शे में 24 मीटर चौड़ी सड़क का प्रावधान पहले से था, लेकिन मौके पर इसका निर्माण नहीं हुआ था।
यही वजह है कि सोसाइटी के हजारों लोगों को गांव के रास्ते का सहारा लेना पड़ रहा है। जारा होम्स निवासी अभिषेक कुमार का कहना है कि अगर यह सड़क बन जाती है तो लोगों के लिए आवागमन काफी आसान हो जाएगा और रोज लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी।

कब शुरू हुई प्रक्रिया ?
स्थानीय लोगों की ओर से लंबे समय से 24 मीटर सड़क बनाने की मांग की जा रही थी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की घोषणा के बाद HSVP और नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग ने इस दिशा में प्रक्रिया शुरू की। अब जमीन अधिग्रहण का प्रस्ताव मुख्यालय भेजे जाने के बाद सड़क निर्माण की उम्मीद बढ़ गई है। हालांकि, अभी जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होना और उसके बाद सड़क का निर्माण शुरू होना बाकी है। ऐसे में सेक्टर-104 के लोगों की नजर अब इस बात पर है कि प्रस्ताव को मंजूरी कब मिलती है और सड़क का काम जमीन पर कब दिखाई देता है। अगर यह सड़क बनती है तो इसका फायदा सिर्फ जारा होम्स और गोदरेज समिट के करीब 2 हजार परिवारों को ही नहीं, बल्कि आसपास के गांवों में आने-जाने वाले लोगों को भी मिल सकता है।

More From Author

Dwarka Expressway पर बाइक को टक्कर मारने वाली Thar Roxx कहां मिली ?

गुरुग्राम में शराब पीकर ड्राइविंग करने वालों पर बड़ा एक्शन…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *