गुरुग्राम के Dwarka Expressway पर तेज रफ्तार Thar Roxx से बाइक की टक्कर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की है। पुलिस ने हादसे में इस्तेमाल Thar Roxx को एक सर्विस स्टेशन से बरामद कर लिया है। वहीं, आरोपी चालक की पहचान भी कर ली गई है और पुलिस जल्द उसकी गिरफ्तारी की बात कह रही है।

जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक काली Thar Roxx तेज रफ्तार और लापरवाही से चलती हुई दिखाई दे रही है। इसी दौरान वाहन की एक मोटरसाइकिल से टक्कर हो जाती है। बाइक पर दो युवक सवार थे। वीडियो सामने आने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। 27 सितंबर को Sector-93 पुलिस चौकी की टीम ने वायरल वीडियो के आधार पर वाहन की पहचान की। इसके बाद Sector-10A थाने में हादसे को लेकर संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की गई।
कहाँ से मिली Thar Roxx
मामले की आगे जांच के लिए पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया। जांच के दौरान पुलिस को Thar Roxx के बारे में जानकारी मिली और वाहन को Sector-93 स्थित एक सर्विस स्टेशन से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने वाहन को नियमानुसार अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी चालक की पहचान हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
क्या हुआ बाइक सवार युवकों को
हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों को गंभीर चोट नहीं आई। पुलिस टीम ने दोनों के बयान भी BNSS की धारा 180 के तहत दर्ज किए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गुरुग्राम पुलिस ने लोगों से सड़क पर वाहन चलाते समय तेज रफ्तार और लापरवाही से बचने की अपील की है।
