गुरुग्राम में आधी रात कार रेस क्यों बनी हादसे की वजह?

गुरुग्राम-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर दो कारें तेज रफ्तार में दौड़ रही थीं लेकिन कुछ ही सेकंड बाद ऐसा हादसा हुआ कि देखने वालों के होश उड़ गए। रेस लगा रही ब्रेजा अचानक आगे चल रही हाइड्रा क्रेन से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ब्रेजा का अगला हिस्सा बुरी तरह टूट गया। गनीमत रही कि कार में सवार युवक बाल-बाल बच गए।


कहाँ हुआ हादसा?
यह हादसा दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर हीरो होंडा चौक फ्लाईओवर के पास देर रात हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक थार और ब्रेजा कार के चालक आपस में रेस लगा रहे थे। दोनों गाड़ियां काफी तेज रफ्तार में चल रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार ब्रेजा का चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख पाया। कार अनियंत्रित होकर आगे चल रही भारी-भरकम हाइड्रा क्रेन से जा टकराई। टक्कर के बाद ब्रेजा घूमकर सड़क पर आ गई और उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

डैशकैम में कैद हुआ पूरा हादसा

इस पूरी घटना का वीडियो पीछे चल रही एक कार के डैशकैम में रिकॉर्ड हो गया। हादसे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में तेज रफ्तार ब्रेजा हाइड्रा से टकराती हुई दिखाई दे रही है। ब्रेजा और हाइड्रा की टक्कर के बाद एक अन्य कार भी हादसे की चपेट में आ गई। इस तरह हादसे में कुल तीन वाहन क्षतिग्रस्त हुए। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई और वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर रास्ता साफ करवाया।

ब्रेजा छोड़कर चले गए युवक
हादसे के बाद ब्रेजा में सवार दो युवक गाड़ी को सड़क किनारे छोड़कर वहां से चले गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों युवक हादसे के बाद होश में थे। फिलहाल उनकी पहचान नहीं हो पाई है। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि रेस में शामिल थार कार भी हादसे के बाद वहां नहीं रुकी और तेज रफ्तार में मौके से निकल गई।

पुलिस कर रही है जांच

पुलिस अब ब्रेजा के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसमें सवार युवकों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही आसपास लगे CCTV कैमरों और दूसरी गाड़ियों के डैशकैम फुटेज की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रेस में शामिल थार और हादसे का शिकार हुई ब्रेजा को कौन चला रहा था। पहचान होने के बाद दोनों वाहनों के चालकों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

More From Author

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो में बड़ा बदलाव! जमीन को लेकर क्या आया नया फैसला?

Dwarka Expressway पर बाइक को टक्कर मारने वाली Thar Roxx कहां मिली ?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *