गुरुग्राम में शराब पीकर ड्राइविंग करने वालों पर बड़ा एक्शन…

गुरुग्राम में शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। रात होते ही सड़कों पर तेज रफ्तार और शराब पीकर ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। 19 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक चले विशेष अभियान में पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों को पकड़ा, जो शराब के नशे में वाहन चलाते मिले।

पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर नाके लगाकर वाहनों की जांच की। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस की कई टीमों को चिन्हित स्थानों पर तैनात किया गया था। रात के समय हुई इस चेकिंग के दौरान जैसे ही किसी चालक पर शराब पीकर गाड़ी चलाने का शक हुआ, उसकी जांच की गई।

7 दिन में कितने चालान
अभियान के दौरान कुल 396 वाहन चालक ड्रिंक एंड ड्राइव करते हुए पकड़े गए।पुलिस ने सभी के खिलाफ नियमानुसार चालान की कार्रवाई की। इसके अलावा 9 वाहनों को इंपाउंड किया गया। लेकिन मामला सिर्फ चालान तक सीमित नहीं है। शराब पीकर वाहन चलाते पकड़े जाने वाले चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस 3 महीने के लिए सस्पेंड किया जाता है। यानी इस अवधि में संबंधित चालक किसी भी वाहन को नहीं चला सकता। यही वजह है कि ट्रैफिक पुलिस की यह कार्रवाई सिर्फ जुर्माना वसूलने तक सीमित नहीं रहती, बल्कि शराब पीकर ड्राइविंग करने वालों को सड़क से दूर रखने की कार्रवाई भी की जाती है।

रात में फिर लगेंगे नाके
गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। खासतौर पर रात के समय अलग-अलग स्थानों पर विशेष नाके लगाकर वाहनों की जांच की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शराब या किसी भी तरह का नशा करने के बाद वाहन न चलाएं।अगर शराब पी है तो कैब, टैक्सी या किसी अन्य सुरक्षित साधन का इस्तेमाल करें।

गुरुग्राम जैसे तेजी से बढ़ते शहर में रात के समय बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर निकलते हैं। ऐसे में शराब पीकर ड्राइविंग न सिर्फ नियमों का उल्लंघन है, बल्कि दूसरे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी गंभीर खतरा बन सकती है। गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस की यह कार्रवाई साफ संकेत दे रही है कि रात में शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ चेकिंग और सख्त होने वाली है।

More From Author

गुरुग्राम सेक्टर-104 में कब बनेगी 24 मीटर सड़क?

गुरुग्राम की सड़कों से अचानक गायब होंगे आवारा कुत्ते और पशु? MCG ने शुरू किया बड़ा अभियान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *