गुरुग्राम न्यू कॉलोनी इलाके में 75 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए एक 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने महिला के घर में घुसकर उसका गला दबाकर हत्या की थी। आरोपी की पहचान सूरज गुप्ता, निवासी समस्तीपुर, बिहार के रूप में हुई है। वह फिलहाल गुरुग्राम के मदनपुरी इलाके में रह रहा था।पुलिस के अनुसार, घटना 4 अक्टूबर की शाम न्यू कॉलोनी स्थित एक मकान में हुई।

घर में घुसते ही सुनाई दी चीखने की आवाज
मृतका की पहचान मधु शर्मा (75) के रूप में हुई है। वह लंबे समय से इसी मकान में अकेली रह रही थीं और दिल्ली से शिक्षिका के पद से रिटायर हुई थीं।पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, घटना के समय एक पड़ोसी अपनी बालकनी में टहल रहा था। उसने महिला के घर के बाहर एक युवक को कुछ देर घूमते हुए देखा।
इसके बाद युवक घर के अंदर चला गया। कुछ ही देर बाद महिला के घर से चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। पड़ोसी ने अपने पिता और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद करीब 5-6 लोग महिला के घर पहुंचे और पुलिस को भी सूचना दी। लोगों के घर में पहुंचने पर संदिग्ध युवक पीछे की तरफ पेड़ों में छिप गया और अंधेरा होने के कारण वहां से दिखाई नहीं दिया। अंदर जाने पर महिला कमरे के दरवाजे के पास मृत हालत में मिलीं।
पोस्टमार्टम में सामने आया मौत का कारण
सूचना मिलने के बाद न्यू कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने FSL, सीन ऑफ क्राइम और फिंगरप्रिंट टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया। मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत गला दबाने के कारण होने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
मामले में पुलिस ने BNS की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों में जांच और उपलब्ध सुरागों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने 5 अक्टूबर को प्रताप नगर स्थित लक्ष्मी बाजार पार्क के पास से सूरज गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी मकान निर्माण के दौरान सरिया का ढांचा तैयार करने का काम करता था। पुलिस का दावा है कि आरोपी महिला के घर में दाखिल हुआ और गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। हालांकि, हत्या के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल केस की जांच जारी है।
