ध्रुव राठी हिरासत में क्यों? CJP प्रदर्शन की क्या थी प्लानिंग?

यूट्यूबर ध्रुव राठी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित केंद्रीय विहार इलाके से ध्रुव राठी को हिरासत में लिया। इस कार्रवाई में गुरुग्राम पुलिस ने भी सहयोग किया। हालांकि, उन्हें हिरासत में लेने की वजह और मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

माता-पिता से मिलने गुरुग्राम आए थे ध्रुव राठी?
जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस को सूचना मिली थी कि ध्रुव राठी गुरुग्राम में अपने माता-पिता के पास आए हुए हैं। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम पुलिस के साथ जानकारी साझा की। दोनों पुलिस टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सेक्टर-56 के केंद्रीय विहार इलाके से उन्हें हिरासत में लिया। फिलहाल, पुलिस की ओर से हिरासत में लेने के कारण और आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

CJP ने हिरासत की कार्रवाई पर जताई नाराजगी
ध्रुव राठी को हिरासत में लिए जाने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने इस कार्रवाई की निंदा की है। पार्टी ने इसे सरकार के कथित आक्रामक रवैये का हिस्सा बताया और ध्रुव राठी समेत हिरासत में लिए गए अन्य लोगों की रिहाई की मांग की है। गौरतलब है कि ध्रुव राठी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा की थी। इसमें उन्होंने CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने की बात कही थी। साथ ही, उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए लोगों से दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी। इससे पहले गुरुवार को ध्रुव राठी बेंगलुरु में SIR के खिलाफ आयोजित विरोध प्रदर्शन में भी पहुंचे थे।

जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन से पहले दिल्ली में सुरक्षा सख्त
शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन के मद्देनजर दक्षिणी जिले समेत पूरी दिल्ली में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। दक्षिणी दिल्ली के डीसीपी अनंत मित्तल के अनुसार, अंतरराज्यीय और अंतर-जिला सीमाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस जांच के जरिए अनधिकृत लोगों को दिल्ली में प्रवेश करने से रोकने के लिए कदम उठा रही है।

प्रदर्शन को देखते हुए करीब 25 हजार पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की जानकारी दी गई है। इसके अलावा, प्रदर्शन के दौरान निगरानी और घटनाओं की रिकॉर्डिंग के लिए पुलिस बॉडी कैमरों का भी इस्तेमाल करेगी, जो कम रोशनी में भी काम कर सकते हैं। दिल्ली की सीमाओं के साथ-साथ रेलवे स्टेशनों, बस टर्मिनलों और मेट्रो स्टेशनों पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है।

ध्रुव राठी की हिरासत पर अब सबकी नजर
CJP के प्रदर्शन से ठीक पहले ध्रुव राठी को गुरुग्राम से हिरासत में लिए जाने की खबर ने इस पूरे घटनाक्रम को चर्चा में ला दिया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि दिल्ली पुलिस उन्हें किस मामले में हिरासत में लेकर गई है और इस संबंध में आधिकारिक तौर पर क्या जानकारी सामने आती है।

More From Author

गुरुग्राम में पुराने गाड़ी वालों की बढ़ी टेंशन! अब होगी कार्रवाई, नई गाड़ी पर मिलेंगे ये फायदे

दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर रोका क्यों जा रहा है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *