दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर रोका क्यों जा रहा है?

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती बढ़ गई है। सुबह 9 बजे के बाद पुलिस ने बॉर्डर पर सघन चेकिंग शुरू कर दी, जिसके बाद दिल्ली जाने वाले रास्तों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। रजोकरी बॉर्डर के साथ आया नगर, डूंडाहेड़ा और अन्य एंट्री पॉइंट पर भी पुलिस की कड़ी निगरानी देखने को मिली। चेकिंग के कारण गुरुग्राम से दिल्ली जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

रजोकरी बॉर्डर पर बैरिकेडिंग, हर वाहन की जांच
दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर स्थित रजोकरी बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग की हुई है। सुबह तक यहां वाहनों की आवाजाही सामान्य थी, लेकिन सुबह 9 बजे के बाद पुलिस ने जांच अभियान तेज कर दिया। पुलिसकर्मी वाहनों को रोककर उनमें बैठे लोगों से पूछताछ कर रहे हैं। इसके साथ ही लोगों के पहचान पत्र (ID) भी चेक किए जा रहे हैं। जांच के बाद ही वाहनों को दिल्ली की ओर जाने दिया जा रहा है। इस प्रक्रिया के चलते बॉर्डर पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया और लंबा जाम लग गया।

आया नगर और डूंडाहेड़ा बॉर्डर पर भी कड़ा पहरा
CJP के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने केवल रजोकरी बॉर्डर पर ही नहीं, बल्कि आया नगर, डूंडाहेड़ा और अन्य एंट्री पॉइंट पर भी सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस की नजर उन लोगों पर है, जिनके प्रदर्शन में शामिल होने की आशंका है। रात के समय भी पुलिस ने कई बार बैरिकेडिंग कर वाहनों को रोककर पूछताछ की और पहचान पत्रों की जांच की थी। सुबह चेकिंग तेज होने के बाद दिल्ली जाने वाले लोगों की परेशानी और बढ़ गई।

AAP नेता डॉ. सारिका भारद्वाज के घर पहुंची पुलिस
CJP प्रदर्शन को लेकर नेताओं की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। आम आदमी पार्टी से जुड़ी डॉ. सारिका भारद्वाज के सेक्टर-31 स्थित घर पर पुलिस पहुंची और उन्हें दिल्ली जाने से रोका। डॉ. सारिका भारद्वाज ने वीडियो साझा कर कहा कि वह प्रदर्शन में शामिल होने नहीं, बल्कि अपने क्लीनिक जा रही थीं। उनके मुताबिक, पुलिसकर्मी उनके साथ क्लीनिक तक गए। इसके अलावा कांग्रेस और अन्य दलों से जुड़े कई नेताओं को भी सीआईडी की ओर से फोन किए जाने और उनकी आवाजाही के बारे में जानकारी लेने की बात सामने आई है।

जाने से पहले जान लें ट्रैफिक की स्थिति
दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर सख्त चेकिंग के कारण लोगों को जाम में समय बिताना पड़ सकता है। ऐसे में दिल्ली जाने वाले वाहन चालकों को निकलने से पहले ट्रैफिक की ताजा स्थिति की जानकारी लेनी चाहिए और अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलना चाहिए।

More From Author

ध्रुव राठी हिरासत में क्यों? CJP प्रदर्शन की क्या थी प्लानिंग?

गुरुग्राम में 3 बदमाशों ने पुलिस को क्यों बनाया निशाना?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *