गुरुग्राम में 3 बदमाशों ने पुलिस को क्यों बनाया निशाना?

गुरुग्राम में देर रात पुलिस और तीन कथित नशा तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों तरफ से जमकर फायरिंग हुई, जिसमें दो आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जबकि एक पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके पर काबू कर लिया।

लूट की सूचना पर पुलिस ने की थी नाकाबंदी
जानकारी के अनुसार, क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम को लूट की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने नंगली उमरपुर से सेक्टर-62 की ओर जाने वाले रास्ते पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। रात करीब 11 बजे बाइक पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी बाइक लेकर भागने लगे।

इसी दौरान उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने अपने वाहनों से पीछा कर आरोपियों को घेर लिया। आरोपियों की तरफ से चलाई गई छह गोलियों में से एक पुलिस वाहन पर लगी, जबकि दूसरी गोली एक पुलिसकर्मी की बाजू में लगी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। पुलिस की ओर से चलाई गई तीन गोलियों में दो आरोपियों के पैरों में गोली लगी।

क्या-क्या हुआ बरामद?
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को काबू कर लिया। घायल आरोपियों और पुलिसकर्मी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 136 ग्राम MDMA, एक पिस्टल, एक देशी कट्टा और खाली कारतूस के खोल बरामद किए हैं।

आरोपियों की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान मार्फत उर्फ मारू (32), फूल बाबू शेख (26) और श्रीकुल शेख (37) के रूप में हुई है। तीनों पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। जांच में सामने आया है कि फूल बाबू शेख के खिलाफ NDPS एक्ट के एक मामले में गुरुग्राम पुलिस ने इनाम घोषित किया हुआ था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मार्फत उर्फ मारू के खिलाफ लड़ाई-झगड़े, चोरी, जाली करंसी रखने और NDPS एक्ट समेत कुल चार मामले दर्ज हैं। फूल बाबू शेख के खिलाफ NDPS एक्ट के दो मामले, जबकि श्रीकुल शेख के खिलाफ इसी एक्ट का एक मामला दर्ज है।

अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद होगी गिरफ्तारी

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस के काम में बाधा डालने, पुलिस टीम पर फायरिंग कर जानलेवा हमला करने और अवैध मादक पदार्थ रखने के आरोप में सेक्टर-65 थाने में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल घायल आरोपियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।

More From Author

दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर रोका क्यों जा रहा है?

दिनदहाड़े कार को घेरा, शीशे तोड़े… आखिर परिवार से क्या चाहते थे हमलावर?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *