दिनदहाड़े कार को घेरा, शीशे तोड़े… आखिर परिवार से क्या चाहते थे हमलावर?

साइबर सिटी गुरुग्राम में दिनदहाड़े बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाली घटना सामने आई है। मारुति कुंज इलाके में KIIT वर्ल्ड स्कूल से बच्चों को लेकर घर लौट रहे एक व्यक्ति की कार को 5 से 6 बदमाशों ने कथित तौर पर घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से हमला कर कार के शीशे तोड़ दिए। इतना ही नहीं, गाड़ी में मौजूद बच्चियों को जबरन बाहर खींचने और अगवा करने की कोशिश का भी आरोप लगाया गया है।

स्कूल से लौटते समय हमला
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पीड़ित सुरेश कुमार साहू शुक्रवार दोपहर करीब 2:10 बजे अपनी 9 वर्षीय बेटी, 12 वर्षीय बेटे और अपनी बहन की 12 वर्षीय बेटी को स्कूल से लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान जब उनकी कार मारुति कुंज स्थित आस्था होम के सामने पहुंची, तो कथित तौर पर पहले से मौजूद 5-6 लोगों ने उनकी गाड़ी का रास्ता रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने लोहे की रॉड और अन्य हथियारों से कार पर हमला कर दिया और उसके शीशे तोड़ दिए।

पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की नीयत से चोटें पहुंचाईं। इसके बाद आरोपियों ने कार में मौजूद बच्चों की तरफ रुख किया और बच्चियों को जबरन बाहर खींचने की कोशिश की।

बेटे ने भागकर बचाई जान
अचानक हुए हमले से कार में बैठे बच्चे घबरा गए और चीखने-चिल्लाने लगे। शिकायत के मुताबिक, इसी बीच पीड़ित का 12 वर्षीय बेटा नीरज किसी तरह हमलावरों के बीच से निकलकर भागा और शोर मचाया। आरोप है कि आसपास लोगों के इकट्ठा होने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना में घायल सुरेश कुमार को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

RWA चुनाव का विवाद बना हमले की वजह?
पीड़ित ने अपनी शिकायत में इस हमले के पीछे रेयान एन्क्लेव की रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) से जुड़ा विवाद और पुरानी रंजिश होने का आरोप लगाया है।
शिकायत में सोनू और राजपाल समेत कुछ अन्य लोगों के नाम भी लिए गए हैं। पीड़ित का दावा है कि इसी विवाद के चलते उन पर हमला किया गया। हालांकि, हमले की वास्तविक वजह और आरोपियों की भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पीड़ित ने भौंडसी थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। दिनदहाड़े स्कूल से लौट रहे बच्चों के सामने हुई इस कथित वारदात ने इलाके में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में क्या सामने आता है और आरोपियों के खिलाफ कब तक कार्रवाई होती है।

More From Author

गुरुग्राम में 3 बदमाशों ने पुलिस को क्यों बनाया निशाना?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *