दिल्ली में CJP के प्रदर्शन से पहले हिरासत में लिए गए यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम पुलिस ने देर रात छोड़ दिया। हालांकि, पुलिस ने उनसे बॉन्ड भरवाया है। जानिए क्या है पूरा मामला।
दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन से पहले हिरासत में लिए गए मशहूर यूट्यूबर ध्रुव राठी को देर रात छोड़ दिया गया। शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम और गुरुग्राम पुलिस ने उन्हें गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित केंद्रीय विहार में उनके घर से हिरासत में लिया था। इसके बाद उन्हें सेक्टर-39 स्थित क्राइम ब्रांच कार्यालय ले जाया गया।

सुबह घर से हिरासत में लिए गए ध्रुव राठी
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 7:45 बजे पुलिस की टीम ध्रुव राठी के घर पहुंची और उन्हें हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि ध्रुव राठी कुछ दिन पहले ही जर्मनी से भारत लौटे थे। वह दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले CJP के प्रदर्शन में शामिल होने वाले थे। इस प्रदर्शन में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाई जानी थी।
फोन इस्तेमाल करने की भी अनुमति नहीं
ध्रुव राठी को हिरासत में लेने के बाद गुरुग्राम के सेक्टर-39 स्थित क्राइम ब्रांच कार्यालय ले जाया गया। जानकारी के अनुसार, हिरासत के दौरान उन्हें फोन इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दी गई। पूरे दिन पुलिस की हिरासत में रहने के बाद उन्हें देर रात छोड़ दिया गया।
दोबारा कार्रवाई कर सकती है पुलिस
जानकारी के अनुसार, ध्रुव राठी से पुलिस ने बॉन्ड भी भरवाया है। बताया जा रहा है कि अगर वह जंतर-मंतर पर जाने को लेकर कोई पोस्ट करते हैं या वहां पहुंचने की कोशिश करते हैं, तो पुलिस उनके खिलाफ दोबारा कार्रवाई कर सकती है। फिलहाल, ध्रुव राठी को रिहा कर दिया गया है, लेकिन CJP के प्रदर्शन को लेकर पुलिस की कार्रवाई चर्चा में है।
