गुरुग्राम की ROF सोसाइटी में लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। कई घंटे तक बिजली नहीं आने और उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। गुस्साए निवासियों ने मुख्य सड़क पर बैरिकेड्स रखकर जाम लगा दिया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

कई दिनों से बिजली कटौती से परेशान निवासी
निवासियों का आरोप है कि सोसाइटी में पिछले कई दिनों से बिना किसी तय समय के बिजली काटी जा रही है। रात के समय बिजली गुल होने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। वहीं, पढ़ाई करने वाले छात्रों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। आरोप है कि बिजली जाने पर बैकअप जनरेटर भी नहीं चलाए जा रहे, जिससे परेशानी और बढ़ गई है।
मेंटेनेंस अधिकारियों पर बदसलूकी का आरोप
बिजली कटौती के साथ-साथ सोसाइटी के मेंटेनेंस स्टाफ के व्यवहार को लेकर भी निवासियों में नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि जब वे बिजली की समस्या की शिकायत लेकर मेंटेनेंस कार्यालय पहुंचे, तो अधिकारियों ने उनकी बात सुनने के बजाय उनके साथ बहस शुरू कर दी। निवासियों ने आरोप लगाया कि महिलाओं और बुजुर्गों के साथ भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया और उन्हें कार्यालय से बाहर जाने के लिए कहा गया। इस व्यवहार से नाराज होकर बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और मेंटेनेंस स्टाफ के खिलाफ नारेबाजी की।
सड़क जाम होने से लगा वाहनों का लंबा जाम
प्रदर्शन के दौरान निवासियों ने मुख्य सड़क पर बैठकर रास्ता बंद कर दिया। इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान कुछ वाहन चालकों और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। प्रदर्शन कर रहे निवासी अपनी मांगों पर अड़े रहे। उनका कहना था कि जब तक संबंधित अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचेंगे, तब तक वे जाम नहीं खोलेंगे।
पुलिस और बिजली निगम के अधिकारियों ने दिया आश्वासन
सड़क जाम और हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। स्थिति को देखते हुए बिजली निगम के अधिकारियों को भी बुलाया गया। अधिकारियों ने निवासियों को बिजली की समस्या जल्द दूर करने का आश्वासन दिया। वहीं, पुलिस ने मेंटेनेंस स्टाफ के खिलाफ बदसलूकी की शिकायत पर उचित कानूनी कार्रवाई करने का भरोसा दिया। इसके बाद निवासियों ने प्रदर्शन समाप्त कर जाम खोल दिया और यातायात सामान्य हो गया।
बड़े आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन कर रहे निवासियों ने साफ कहा कि अगर सोसाइटी में बिजली कटौती की समस्या दोबारा सामने आती है और प्रबंधन का रवैया नहीं बदलता, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। अब देखना होगा कि संबंधित अधिकारी बिजली की समस्या का स्थायी समाधान कब तक कर पाते हैं।
