अब क्रेडिट कार्ड से पेमेंट करना पड़ेगा महंगा! SBI ने बदले ये नियम

अगर आप भी SBI का क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करते हैं, तो 1 दिसंबर से पहले यह खबर जरूर पढ़ लीजिए। अब क्रेडिट कार्ड से पेट्रोल-डीजल भरवाना और ट्रांसपोर्ट से जुड़े बड़े भुगतान करना पहले जितना सस्ता नहीं रह सकता। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने क्रेडिट कार्ड के कुछ नियमों में बदलाव किया है। नए नियम लागू होने के बाद तय लिमिट से ज्यादा खर्च करने पर ग्राहकों को 1 प्रतिशत अतिरिक्त चार्ज देना होगा।

खास बात यह है कि इसका असर हर क्रेडिट कार्ड यूजर पर नहीं पड़ेगा, बल्कि उन लोगों को अतिरिक्त पैसे चुकाने होंगे जो ट्रांसपोर्ट और फ्यूल पर निर्धारित सीमा से ज्यादा खर्च करते हैं। ये नए नियम 1 दिसंबर 2026 से लागू होंगे।

30 हजार से ज्यादा के ट्रांसपोर्ट खर्च पर लगेगा चार्ज

सबसे पहले बात करते हैं ट्रांसपोर्टेशन से जुड़े खर्च की। SBI कार्ड के नए नियमों के मुताबिक, 30,000 रुपये से ज्यादा के प्रत्येक पात्र ट्रांसपोर्टेशन ट्रांजैक्शन पर 1 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क देना होगा।

मतलब अगर आपने क्रेडिट कार्ड से एक बार में 35,000 रुपये का ऐसा भुगतान किया, जो इस कैटेगरी में आता है, तो आपको 350 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। यह नियम MCC 4111, 4784 और 4131 के तहत आने वाले ट्रांजैक्शन पर लागू होगा।

पेट्रोल-डीजल भरवाने वालों को भी झटका

अब बात फ्यूल की। अगर आप SBI क्रेडिट कार्ड से पेट्रोल-डीजल का भुगतान करते हैं और एक बिलिंग साइकिल में आपका कुल पात्र फ्यूल खर्च 50,000 रुपये से ज्यादा हो जाता है, तो आपको पूरे फ्यूल खर्च पर 1 प्रतिशत अतिरिक्त चार्ज देना होगा।

उदाहरण के तौर पर, अगर किसी ग्राहक ने एक बिलिंग साइकिल में 60,000 रुपये का पात्र फ्यूल ट्रांजैक्शन किया है, तो 1 प्रतिशत के हिसाब से 600 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।

यह नियम MCC 5172, 5541, 5542 और 5983 के तहत आने वाले ट्रांजैक्शन पर लागू होगा।

1 दिसंबर से लागू होंगे नए नियम
SBI कार्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर 27 अक्टूबर 2026 को जारी नोटिस के अनुसार, ये बदलाव 1 दिसंबर 2026 से प्रभावी होंगे।

ऐसे में अगर आप भी SBI क्रेडिट कार्ड से बड़े ट्रांसपोर्टेशन या फ्यूल पेमेंट करते हैं, तो अपने खर्च पर नजर रखना जरूरी है। खासकर उन लोगों को सावधान रहने की जरूरत है, जिनका हर महीने इन दोनों कैटेगरी में ज्यादा खर्च होता है।

यानी क्रेडिट कार्ड से भुगतान करते समय अब सिर्फ ऑफर और कैशबैक ही नहीं, बल्कि अतिरिक्त चार्ज का हिसाब रखना भी जरूरी होगा।

More From Author

क्या आपका रविवार का सफर होगा लेट? दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बड़ा ट्रैफिक अलर्ट!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *