सड़क पर इन दो बाइकों के बारे में जब ट्रैफिक पुलिस को पता चला, तो पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। दोनों बाइक सड़कों पर लगातार दौड़ रही थीं, लेकिन इनके ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन का रिकॉर्ड इतना लंबा था कि कुल 73 चालान पेंडिंग मिले। इन चालानों की जुर्माना राशि भी छोटी-मोटी नहीं, बल्कि कई लाखों रुपये है।
दरअसल, गुरुग्राम यातायात पुलिस ने नियमों की बार-बार अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। इसी अभियान के तहत वजीराबाद चौक पर जोनल अधिकारी ASI युधवीर और उनकी टीम ने यातायात जांच के दौरान दो मोटरसाइकिलों को रुकवाया। जब पुलिस ने दोनों के दस्तावेज और चालान रिकॉर्ड की जांच की, तो भारी संख्या में चालान लंबित मिले।

एक बाइक पर 44 तो दूसरी पर 29 चालान
जांच में पहली मोटरसाइकिल के खिलाफ 44 चालान लंबित मिले, जिनकी कुल जुर्माना राशि 1 लाख 77 हजार 500 रुपये थी। वहीं, दूसरी मोटरसाइकिल के खिलाफ 29 चालान पेंडिंग पाए गए, जिनकी राशि 1 लाख 500 रुपये थी। इस तरह दोनों बाइक पर कुल 73 चालान लंबित थे और जुर्माने की कुल रकम 2 लाख 78 हजार रुपये तक पहुंच गई।
हेलमेट, बीमा और PUC के नियमों की अनदेखी
यातायात पुलिस की जांच में सामने आया कि दोनों मोटरसाइकिलों के खिलाफ ज्यादातर चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने, वैध बीमा नहीं होने और PUC प्रमाण पत्र के बिना वाहन चलाने जैसे उल्लंघनों से जुड़े थे। वाहन चालक जरूरी दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलों को नियमानुसार इंपाउंड कर लिया।
ट्रैफिक पुलिस की दो टूक, नियम तोड़े तो होगी कार्रवाई
गुरुग्राम यातायात पुलिस ने साफ किया है कि बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट पहनने और वाहन का वैध बीमा, PUC सहित सभी जरूरी दस्तावेज पूरे रखने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की जान सुरक्षित रखने के लिए भी जरूरी है।
