अब नहीं दिखेगा कचरे का ढेर? क्या बदलाव होगा गुरुग्राम में 47.26 करोड़ के नए प्लान में

शहर की सफाई व्यवस्था और ठोस कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम गुरुग्राम ने बड़ा फैसला लिया है। मेयर राजरानी मल्होत्रा की अध्यक्षता में हुई वित्त एवं संविदा कमेटी (एफएंडसीसी) की 10वीं बैठक में स्वच्छता, सैनिटेशन और सीएंडडी वेस्ट मैनेजमेंट से जुड़े 9 महत्वपूर्ण कार्यों को मंजूरी दी गई। इन कार्यों पर कुल 47.26 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

बैठक में सभी छह जोन में सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के साथ अतिरिक्त कर्मचारियों और मशीनरी की व्यवस्था, निर्माण एवं विध्वंस कचरे (सीएंडडी वेस्ट) का घर-घर से उठान, कचरे की प्रोसेसिंग के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर और मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों के संचालन जैसे प्रस्तावों को मंजूरी मिली।

छह जोन में बढ़ेंगे कर्मचारी और मशीनें
नगर निगम के छहों जोन में सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त कर्मचारी और मशीनरी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके तहत ट्रैक्टर-ट्रॉली, जेसीबी समेत जरूरी संसाधन लगाए जाएंगे। हर जोन के लिए 455.89 लाख रुपये का बजट तय किया गया है। छहों जोन पर कुल करीब 27.35 करोड़ रुपये खर्च होंगे। निगम का मानना है कि अतिरिक्त संसाधन मिलने से वार्ड स्तर पर कचरा उठाने, नियमित सफाई और विशेष स्वच्छता अभियानों को ज्यादा प्रभावी तरीके से चलाया जा सकेगा।

रोज 500 टन सीएंडडी वेस्ट का होगा घर-घर उठान
निर्माण कार्यों से निकलने वाला मलबा अक्सर सड़कों और खाली जगहों पर जमा हो जाता है। इसे रोकने के लिए नगर निगम ने 500 टन प्रतिदिन सीएंडडी वेस्ट के डोर-टू-डोर कलेक्शन को मंजूरी दी है। इस योजना पर करीब 4.34 करोड़ रुपये खर्च होंगे। घरों, दुकानों और निर्माण स्थलों से निकलने वाले मलबे का व्यवस्थित तरीके से संग्रह और निस्तारण होने से शहर में जगह-जगह मलबा जमा होने की समस्या कम करने में मदद मिलेगी।

कचरा प्रोसेसिंग के लिए बनेंगे चार नए शेड
शहर में रोजाना निकलने वाले कचरे की प्रोसेसिंग क्षमता बढ़ाने के लिए चार सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर शेड विकसित किए जाएंगे। इसके लिए करीब 9.92 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। इन शेड के तैयार होने के बाद कचरे की प्रोसेसिंग और प्रबंधन के लिए जरूरी बुनियादी ढांचा मजबूत होगा। इससे कचरे को अधिक व्यवस्थित और वैज्ञानिक तरीके से संभालने में मदद मिलने की उम्मीद है।


मैकेनिकल रोड स्वीपिंग पर 5.64 करोड़ रुपये होंगे खर्च
गुरुग्राम की प्रमुख सड़कों की सफाई के लिए मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों का संचालन और रखरखाव भी जारी रहेगा। इसके लिए छह महीने की अवधि के लिए 5.64 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इन मशीनों के नियमित संचालन से प्रमुख सड़कों और चिन्हित क्षेत्रों में धूल-कचरे की सफाई को तेज करने में मदद मिलेगी।

‘सफाई को अभियान नहीं, नियमित व्यवस्था बनाना लक्ष्य’

मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि गुरुग्राम को स्वच्छ और व्यवस्थित शहर बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि छहों जोन में अतिरिक्त कर्मचारियों और मशीनरी की उपलब्धता से सफाई व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सीएंडडी वेस्ट का घर-घर से उठान, कचरा प्रोसेसिंग के लिए बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और मैकेनिकल रोड स्वीपिंग की सुविधा बढ़ने से शहरवासियों को बेहतर सफाई सेवाएं मिलेंगी। निगम का लक्ष्य सफाई व्यवस्था को सिर्फ विशेष अभियानों तक सीमित रखने के बजाय इसे नियमित और प्रभावी व्यवस्था बनाना है।

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि नगर निगम सफाई और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था को लगातार मजबूत कर रहा है। स्वीकृत कार्यों से छहों जोन में अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध होंगे और कचरा प्रबंधन के साथ प्रमुख सड़कों की सफाई भी बेहतर होगी। सीनियर डिप्टी मेयर धर्मबीर भांगरोला और डिप्टी मेयर अनूप सिंह ने कहा कि इन फैसलों से गुरुग्राम की सफाई व्यवस्था को संसाधन, तकनीक और बेहतर कचरा प्रबंधन के जरिए मजबूत करने में मदद मिलेगी।

More From Author

गुरुग्राम में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों की खैर नहीं!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *